नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 32वें दिन यानी पांचवें सोमवार को भी फिल्म ने जबरदस्त कमाई की है। खास बात यह है कि फिल्म ने पांचवें सोमवार की कमाई के मामले में कई बड़ी भारतीय फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है।

करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म की शुरुआत बेहद धीमी रही थी। पहले दिन फिल्म को महज 10 लाख रुपये की कमाई हुई थी और सिर्फ 355 शोज मिले थे। लेकिन धीरे-धीरे फिल्म को दर्शकों की माउथ पब्लिसिटी का फायदा मिला और इसकी कमाई में ऐसा उछाल आया कि अब फिल्म 200 करोड़ रुपये के आंकड़े की तरफ बढ़ती दिखाई दे रही है।

32वें दिन भी रिकॉर्डतोड़ कमाई

Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 32वें दिन करीब 9.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की भारत में कुल नेट कमाई लगभग 131.63 करोड़ रुपये हो गई है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन करीब 155.65 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

फिल्म की 32वें दिन की कमाई ने ‘धुरंधर 2’, ‘पुष्पा 2’ और ‘KGF 2’ जैसी फिल्मों के पांचवें सोमवार के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है। यही वजह है कि बेहद कम बजट में बनी यह फिल्म अब बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी मिसाल बनती जा रही है।

10 लाख से शुरू हुआ सफर, अब 200 करोड़ पर नजर

‘हनुमान अंश’ की सबसे खास बात इसका सफर है। शुरुआत में फिल्म को थिएटर्स में बहुत कम स्क्रीन और शोज मिले थे। दूसरे हफ्ते तक फिल्म की कमाई कुछ लाख रुपये प्रतिदिन तक सीमित थी। लेकिन 17वें दिन फिल्म ने अचानक जोर पकड़ा और रविवार को 2.20 करोड़ रुपये कमाए।

इसके बाद फिल्म की रफ्तार लगातार बढ़ती गई। 31वें दिन तक फिल्म ने 22.75 करोड़ रुपये की शानदार कमाई कर ली। अब फिल्म की कहानी सिर्फ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी सफलता कम बजट वाली फिल्मों के लिए भी चर्चा का विषय बन गई है।

फिल्म को अब 11 सितंबर से और फायदा मिलने की उम्मीद है, क्योंकि इसके बाद इसका वर्ल्डवाइड रिलीज भी होने वाला है।

क्या है ‘हनुमान अंश’ की कहानी?

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म की कहानी नीम करोली बाबा के बचपन से शुरू होती है। फिल्म में उनके शुरुआती जीवन, संघर्ष और आध्यात्मिक यात्रा को दिखाया गया है।

कहानी में लक्ष्मी नारायण के बचपन से लेकर उनके संत बनने तक के सफर को दिखाया गया है। मां की मृत्यु के बाद वह कम उम्र में घर छोड़ देते हैं और ईश्वर की तलाश में मंदिरों, जंगलों और गांवों में भटकते हैं। कठिन साधना और लंबे संघर्ष के बाद उन्हें एहसास होता है कि ईश्वर की सच्ची सेवा जरूरतमंदों की सेवा में है। इसके बाद वह दीन-दुखियों की मदद, प्रेम और सेवा का रास्ता अपनाकर नीम करोली बाबा के रूप में प्रसिद्ध होते हैं।

‘टॉक्सिक’ की हालत हुई खराब

दूसरी तरफ यश स्टारर ‘टॉक्सिक’ की बॉक्स ऑफिस रफ्तार लगातार कमजोर होती जा रही है। फिल्म ने शानदार प्रमोशन और एडवांस बुकिंग के दम पर पहले दिन 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया था, लेकिन इसके बाद कमाई में लगातार गिरावट देखने को मिली।

रिपोर्ट के मुताबिक, 13वें दिन फिल्म को सिर्फ 1,354 शोज मिले और दूसरे सोमवार को इसकी कमाई महज 66 लाख रुपये रही। 13 दिनों में फिल्म का इंडिया नेट कलेक्शन करीब 246.41 करोड़ रुपये, जबकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 337.39 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

यानी एक तरफ ‘टॉक्सिक’ की रफ्तार लगातार धीमी पड़ रही है, वहीं ‘हनुमान अंश’ जैसी कम बजट की फिल्म अपने शानदार वर्ड ऑफ माउथ के दम पर बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है।