वेब सीरीज से फिल्म तक का सफर रहा सुपरहिट, ‘मिर्जापुर’ ने पहले हफ्ते में ही छाप डाले 200 करोड़!
वेब सीरीज 'मिर्जापुर' को बड़े पर्दे पर उतारना मेकर्स के लिए किसी बड़े रिस्क से कम नहीं था। OTT पर पहले से बेहद पॉपुलर फ्रेंचाइजी को सिनेमाघरों में लाने का फैसला कितना सही था, इसका जवाब अब बॉक्स ऑफिस के आंकड़े दे रहे हैं। 'Mirzapur: The Movie' ने रिलीज के महज एक हफ्ते के अंदर ही दुनियाभर में 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।
फिल्म की रिलीज से पहले ही इसके लिए जबरदस्त माहौल बन चुका था। एडवांस बुकिंग में ब्लॉक सीटों को शामिल करने के बाद फिल्म ने करीब 12.55 करोड़ रुपये की टिकटें बेच ली थीं। इसे देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स ने बड़ी ओपनिंग की उम्मीद जताई थी और फिल्म ने पहले ही दिन इस अनुमान को सही साबित कर दिया।
4 सितंबर को रिलीज हुई 'मिर्जापुर' ने भारत में पहले दिन 30.90 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। इसके बाद शनिवार को कमाई बढ़कर 38.40 करोड़ और रविवार को 43.05 करोड़ रुपये पहुंच गई। इस तरह फिल्म ने पहले वीकेंड में ही भारत से करीब 112.35 करोड़ रुपये जुटा लिए।
खास बात ये रही कि सोमवार को भी फिल्म की कमाई में ऐसी गिरावट नहीं आई, जैसी आमतौर पर फिल्मों में देखने को मिलती है। चौथे दिन फिल्म ने 19.20 करोड़ रुपये, मंगलवार को 18.12 करोड़ और बुधवार को 14.81 करोड़ रुपये कमाए।
इस तरह छह दिनों में भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 164.48 करोड़ रुपये हो गया। वहीं ओवरसीज मार्केट से करीब 33 करोड़ रुपये आने के बाद फिल्म का आंकड़ा 197.48 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
अब रिलीज के सातवें दिन यानी गुरुवार को भी फिल्म की कमाई जारी है। खबर लिखे जाने तक 'मिर्जापुर' भारत में करीब 3.75 करोड़ रुपये कमा चुकी थी। इससे फिल्म का ग्लोबल कलेक्शन 201.23 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। हालांकि, अभी दिन के बाकी शोज और ओवरसीज के नए आंकड़े आने बाकी हैं, ऐसे में टोटल कलेक्शन में और इजाफा होना तय माना जा रहा है।
यानी जिस फिल्म को वेब सीरीज से सिनेमाघरों में लाना एक बड़ा जुआ माना जा रहा था, उसने पहले ही हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर ऐसा प्रदर्शन किया है कि मेकर्स को इस तरह के प्रयोग दोबारा करने का हौसला जरूर मिल गया होगा।