फैशन की दुनिया में इन दिनों काइली जेनर और केंडल जेनर को लेकर खूब चर्चा हो रही है. दरअसल, Victoria’s Secret Fashion Show 2026 में काइली जेनर ने शानदार डेब्यू किया. इस दौरान वह करीब 50 मिलियन डॉलर यानी लगभग 450 करोड़ रुपये की फैंटेसी ब्रा पहनकर रैंप पर उतरीं. उनकी इस खास अपीयरेंस ने खूब सुर्खियां बटोरीं. हालांकि, इसके साथ ही सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि क्या छोटी बहन की इस बड़ी उपलब्धि से सुपरमॉडल केंडल जेनर को बुरा लगा है?

केंडल को कभी नहीं मिला था फैंटेसी ब्रा पहनने का मौका

केंडल जेनर पहले भी 2015, 2016 और 2018 में Victoria’s Secret Fashion Show में रैंप वॉक कर चुकी हैं. इसके बावजूद उन्हें कभी ब्रांड की चर्चित फैंटेसी ब्रा पहनने का मौका नहीं मिला. ऐसे में जब काइली को यह खास मौका मिला, तो दोनों बहनों की तुलना होने लगी और उनके बीच कथित अनबन की अटकलें भी लगने लगीं.

लेकिन अब केंडल ने अपने एक सोशल मीडिया पोस्ट से इन चर्चाओं को अलग ही दिशा दे दी है. उन्होंने काइली की रैंप वॉक का एक वीडियो रीपोस्ट करते हुए लिखा, “My perfect baby sister” यानी ‘मेरी परफेक्ट छोटी बहन’. केंडल के इस प्यार भरे संदेश को देखकर फैंस उनकी तारीफ कर रहे हैं.

काइली की कामयाबी से खुश हैं केंडल?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, केंडल के एक करीबी सूत्र ने भी दोनों बहनों के बीच किसी तरह के मनमुटाव की खबरों को खारिज किया है. Page Six से बातचीत में सूत्र ने बताया कि केंडल को लगा कि काइली ने रैंप पर शानदार प्रदर्शन किया. इतना ही नहीं, शो से पहले काइली ने रैंप वॉक से जुड़े कुछ टिप्स के लिए अपनी बड़ी बहन से मदद भी मांगी थी.

50 मिलियन डॉलर की फैंटेसी ब्रा ने खींचा ध्यान

काइली की इस अपीयरेंस की सबसे बड़ी खासियत उनकी बेशकीमती फैंटेसी ब्रा रही. रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी कीमत करीब 50 मिलियन डॉलर है और इसे मशहूर ज्वेलरी ब्रांड Jacob & Co. के संस्थापक जैकब अरबो ने तैयार किया है. इसमें 4,400 से ज्यादा हीरे जड़े होने की बात कही गई है. वहीं, बीच में लगा पीला हीरा भी अपनी कीमत की वजह से चर्चा में है.

काइली जब इस खास ब्रा को पहनकर रैंप पर उतरीं, तो हर किसी की नजरें उन पर टिक गईं. उनकी मां क्रिस जेनर और बॉयफ्रेंड टिमोथी शैलमे भी फ्रंट रो में बैठकर उन्हें सपोर्ट करते नजर आए. हालांकि, केंडल के अलावा कर्टनी, किम और ख्लोए जेनर भी शो में दिखाई नहीं दीं. इसके बावजूद सोशल मीडिया पर परिवार की ओर से काइली के लिए समर्थन देखने को मिला.

बहनों के रिश्ते पर क्यों हो रही है चर्चा?

केंडल खुद एक इंटरनेशनल सुपरमॉडल हैं और Victoria’s Secret के रैंप पर पहले भी अपनी पहचान बना चुकी हैं. ऐसे में काइली को इतनी महंगी फैंटेसी ब्रा पहनने का मौका मिलने से दोनों बहनों की उपलब्धियों की तुलना होने लगी. लेकिन केंडल का सार्वजनिक रूप से काइली की तारीफ करना इस बात का संकेत देता है कि कम से कम सोशल मीडिया पर वह अपनी छोटी बहन की सफलता का जश्न मनाती नजर आ रही हैं.