बॉक्स ऑफिस पर ‘मिर्जापुर’ का भौकाल जारी, पहले सोमवार को भी धुआंधार कमाई
कालीन भैया, गुड्डू भैया और मुन्ना भैया की तिकड़ी बड़े पर्दे पर भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रही है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने अपने पहले सोमवार के टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया है। फिल्म ने महज चार दिनों में भारत में 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जबकि इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 154 करोड़ रुपये से ज्यादा हो चुका है।
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस गैंगस्टर-एक्शन ड्रामा को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। वेब सीरीज की जबरदस्त लोकप्रियता का फायदा फिल्म को साफ तौर पर मिलता दिखाई दे रहा है। अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु एक बार फिर अपने चर्चित किरदारों में दर्शकों का दिल जीत रहे हैं।
पहले सोमवार को कमाए 16 करोड़
Sacnilk के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन यानी पहले सोमवार को भारत में 16 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। ओपनिंग डे के मुकाबले यह करीब 37.86 फीसदी की गिरावट है, जिसे बॉक्स ऑफिस के लिहाज से मजबूत पकड़ माना जा रहा है।
इसके साथ ही फिल्म का चार दिनों का इंडिया नेट कलेक्शन 109.75 करोड़ रुपये पहुंच गया है। वहीं, भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 131.55 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इस तरह ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने चार दिनों के भीतर 100 करोड़ क्लब में एंट्री कर ली है।
वर्ल्डवाइड भी शानदार कमाई
फिल्म को विदेशी बाजार में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। चौथे दिन ओवरसीज मार्केट से करीब 2.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन हुआ। चार दिनों में फिल्म ने विदेशों से कुल 22.50 करोड़ रुपये कमाए हैं।
भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 154.05 करोड़ रुपये हो गया है।
पहले सोमवार की कमाई में कई बड़ी फिल्मों को पछाड़ा
16 करोड़ रुपये के साथ फिल्म ने पहले सोमवार की कमाई के मामले में कई चर्चित फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। इसने ‘ऐ दिल है मुश्किल’ (15.65 करोड़), ‘सुल्तान’ (15.54 करोड़), ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 1: शिवा’ (15.10 करोड़) और ‘द कश्मीर फाइल्स’ (15.05 करोड़) जैसी फिल्मों के पहले सोमवार के कलेक्शन को मात दी है।
हालांकि, ऑल टाइम फर्स्ट मंडे कलेक्शन की लिस्ट में ‘मिर्जापुर: द मूवी’ अभी काफी नीचे है।
2026 की फिल्मों में तीसरे नंबर पर
साल 2026 में रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्मों के पहले सोमवार के कलेक्शन की बात करें तो ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 16 करोड़ रुपये के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
इस लिस्ट में ‘धुरंधर: द रिवेंज’ 60 करोड़ रुपये के साथ पहले नंबर पर है, जबकि ‘बॉर्डर 2’ 59 करोड़ रुपये की कमाई के साथ दूसरे स्थान पर है। ‘मिर्जापुर’ ने इस मामले में ‘भूत बंगला’ को पीछे छोड़ा है, जिसने पहले सोमवार को 6.75 करोड़ रुपये कमाए थे।
250 करोड़ के बजट की चुनौती
फिल्म की शुरुआती कमाई भले ही शानदार है, लेकिन इसे हिट साबित होने के लिए अभी लंबा सफर तय करना होगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का बजट करीब 250 करोड़ रुपये है।
फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु के अलावा रवि किशन और जितेंद्र कुमार की मौजूदगी भी दर्शकों को पसंद आ रही है। वहीं, रसिका दुग्गल का बीना त्रिपाठी वाला किरदार एक बार फिर चर्चा में है। फिल्म में श्रिया पिलगांवकर, श्वेता त्रिपाठी, सुशांत सिंह, अभिषेक बनर्जी, हर्षिता गौर, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग और कुलभूषण खरबंदा भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।
अब देखना होगा कि शुरुआती चार दिनों की रफ्तार के बाद ‘मिर्जापुर: द मूवी’ आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर कितनी बड़ी कमाई करती है और क्या 250 करोड़ के बजट की चुनौती को पार कर पाती है।