पहले ऑडिशन से ‘उड़ता तीर’ तक, आयुष्मान खुराना और गुनीत मोंगा की दिलचस्प कहानी
बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘उड़ता तीर’ को लेकर चर्चा में हैं. इस फिल्म में वह पहली बार ऑस्कर विजेता प्रोड्यूसर गुनीत मोंगा कपूर के साथ काम कर रहे हैं. खास बात यह है कि दोनों एक-दूसरे को काफी समय से जानते हैं और अपने-अपने करियर के सफर को करीब से देखते आए हैं. अब ‘उड़ता तीर’ के जरिए दोनों की यह पुरानी जान-पहचान एक प्रोफेशनल सहयोग में बदल गई है.
आयुष्मान खुराना ने गुनीत मोंगा के साथ अपने रिश्ते और फिल्म को लेकर बात करते हुए कहा कि कंटेंट के मामले में दोनों की सोच काफी मिलती-जुलती है. एक्टर के मुताबिक, उन्हें हमेशा से लीक से हटकर और अलग तरह की कहानियों वाली फिल्में पसंद रही हैं. वहीं, गुनीत मोंगा ने भी अपनी फिल्मों के जरिए अनूठी कहानियों को सामने लाने और भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है. आयुष्मान का मानना है कि दोनों की इसी समान सोच ने ‘उड़ता तीर’ को खास बनाया है.
एक्टर ने अपनी पुरानी याद साझा करते हुए बताया कि गुनीत मोंगा ने ही उनके करियर का पहला ऑडिशन लिया था. आयुष्मान ने कहा कि दोनों का साथ काफी पुराना है. वे तब से एक-दूसरे के संपर्क में हैं और अपने-अपने करियर में आगे बढ़ते हुए एक-दूसरे का सफर देखते रहे हैं. अब जाकर उन्हें साथ काम करने का मौका मिला है.
फिल्म ‘उड़ता तीर’ की बात करें तो यह देशभक्ति, एक्शन और कॉमेडी से भरपूर एंटरटेनर है. फिल्म में आयुष्मान खुराना के साथ सारा अली खान नजर आएंगी, जबकि इसका निर्देशन आकाश कौशिक ने किया है. फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है.