टेस्ला की फ्लाइंग कार पर भारी पड़ा रामायण का पुष्पक विमान, रणबीर ने याद दिलाया 5,000 साल पुराना इतिहास!
रणबीर कपूर ने हाल ही में 'रामायण' के प्रचार के दौरान एक दिलचस्प बयान दिया है। अभिनेता ने रामायण में वर्णित पुष्पक विमान की तुलना आधुनिक दौर की फ्लाइंग कार तकनीक से करते हुए कहा कि भारत के पास 5,000 साल पहले ही उड़ने वाली कार मौजूद थी। उन्होंने यह बात एलन मस्क के हालिया आविष्कार का जिक्र करते हुए कही। उनका यह बयान फिल्म की दुनिया को पर्दे पर दोबारा रचने के लिए की गई तैयारियों पर चर्चा के दौरान सामने आया।
दरअसल, 'रामायण' की स्टारकास्ट रणबीर कपूर, रवि दुबे, नितेश तिवारी, रकुल प्रीत सिंह और यश ने Star Talks के साथ एक खास इंटरव्यू किया। इस दौरान टीवी प्रेजेंटर सुमाने उस दौर में इस्तेमाल होने वाले अद्भुत हथियारों की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी तुलना आज के आधुनिक आविष्कारों से की जा सकती है। उन्होंने ऑस्कर विजेता स्टूडियो DNEG (Double Negative) के विजुअल इफेक्ट्स की भी तारीफ की और कहा कि टीम ने इन अद्भुत चीजों को पर्दे पर जीवंत करने का शानदार काम किया है।
इस पर रणबीर ने मजाकिया अंदाज में कहा, "एलन मस्क ने हाल ही में एक फ्लाइंग कार का आविष्कार किया है। मुझे लगता है कि भारत में यह 5,000 साल पहले ही मौजूद थी!"
गौरतलब है कि इन दिनों टेस्ला की अगली पीढ़ी की रोडस्टर कार एक बार फिर चर्चा में है। एलन मस्क ने टेक्सास के वाको में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान लंबे समय से चर्चा में रही इस इलेक्ट्रिक स्पोर्ट्स कार को पेश किया था
पुष्पक विमान को तैयार करने में लगे करीब दो साल
इसी इंटरव्यू के दौरान फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी ने पुष्पक विमान को डिजाइन करने की प्रक्रिया के बारे में भी दिलचस्प खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इसके फाइनल डिजाइन तक पहुंचने में टीम को करीब दो साल का समय लगा।
नितेश तिवारी ने कहा, "हमें इसके फाइनल डिजाइन तक पहुंचने में लगभग दो साल लगे और इस दौरान कई बदलाव हुए। यही वजह थी कि रावण और जटायु के बीच होने वाली लड़ाई को तैयार करने में भी इतना समय लगा। जब हम पुष्पक विमान के शुरुआती डिजाइन पर काम कर रहे थे, तब हमने उसकी एक अलग तरह की कल्पना की थी और उसी के हिसाब से लड़ाई का कोरियोग्राफ किया गया था। लेकिन जब हमने विमान का थोड़ा अलग डिजाइन फाइनल किया, तो पहले से तैयार कोरियोग्राफी के साथ उसे फिट करने के लिए कई बार बदलाव करने पड़े।"
'रामायण' को मिला CBFC से U सर्टिफिकेट
रणबीर कपूर और यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण' को सिनेमाघरों में रिलीज होने से पहले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से मंजूरी मिल गई है। फिल्म को 'U' सर्टिफिकेट दिया गया है। इसकी कुल अवधि 3 घंटे 15 मिनट बताई जा रही है।
लॉस एंजेलिस प्रीमियर के बाद 'रामायण 2' को लेकर चर्चा तेज
दुनियाभर में रिलीज से पहले रणबीर कपूर की 'रामायण' का प्रीमियर लॉस एंजेलिस में आयोजित किया गया। इस स्क्रीनिंग के बाद फिल्म के पोस्ट-क्रेडिट सीन को लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। माना जा रहा है कि इस सीन के जरिए फिल्म के दूसरे पार्ट के एक बड़े किरदार की झलक दिखाई गई है।
फैंस का अनुमान है कि यह किरदार भगवान हनुमान का हो सकता है, जिन्हें फिल्म में सनी देओल निभा रहे हैं। वहीं, स्क्रीनिंग देखने का दावा करने वाले एक दर्शक ने भी कहा है कि पोस्ट-क्रेडिट सीन में हनुमान जी का परिचय दिखाया गया है।
इसके अलावा, फिल्म के दूसरे पार्ट को लेकर भी जानकारी सामने आई है। क्रिटिक्स ने पुष्टि की है कि 'रामायण 2' साल 2028 में रिलीज होगी।