‘स्त्री’ से लावणी की दुनिया तक पहुंचीं श्रद्धा कपूर, ‘ईठा’ के ट्रेलर ने बढ़ाई फिल्म को लेकर उत्सुकता
‘स्त्री 2’ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद श्रद्धा कपूर एक बार फिर दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘ईठा’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें अभिनेत्री बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रही हैं। इस बार श्रद्धा हॉरर-कॉमेडी से निकलकर महाराष्ट्र की पारंपरिक लोक कला लावणी और तमाशा की दुनिया में कदम रखती दिखाई दे रही हैं।
मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशंस के बैनर तले बनी इस फिल्म में श्रद्धा का किरदार महाराष्ट्र की मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन और संघर्षों से प्रेरित बताया जा रहा है। ट्रेलर में नौवारी साड़ी, हरी चूड़ियों और पारंपरिक गहनों से सजी श्रद्धा मंच पर अपने डांस और अदाओं से दर्शकों का ध्यान खींचती हैं। हालांकि, यह कहानी सिर्फ एक कलाकार की मंच पर दिखाई देने वाली चमक तक सीमित नहीं है।
फिल्म लावणी और तमाशा की रंगीन दुनिया के पीछे छिपे संघर्ष, कलाकारों की मेहनत और समाज में उनके प्रति बने नजरिए को भी सामने लाने की कोशिश करती है। ट्रेलर में एक तरफ भव्य मंच, तालियों से गूंजते पंडाल और शानदार डांस परफॉर्मेंस दिखाई देती हैं, तो दूसरी तरफ उस दुनिया की मुश्किलों और सामाजिक चुनौतियों की झलक भी मिलती है।
ट्रेलर का एक डायलॉग खास तौर पर ध्यान खींचता है, जिसमें श्रद्धा कहती हैं, 'यह सिर्फ कपड़े का एक टुकड़ा नहीं है, यह हमारी अस्मिता और मान-सम्मान का प्रतीक है।' इस संवाद के जरिए फिल्म में नौवारी साड़ी को केवल पारंपरिक पहनावे के बजाय संस्कृति और आत्मसम्मान से जुड़े प्रतीक के रूप में दिखाया गया है।
फिल्म के लिए संगीत तैयार किया है मशहूर संगीतकार जोड़ी अजय-अतुल ने, जबकि डांस कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी वैभवी मर्चेंट ने संभाली है। ऐसे में फिल्म में पारंपरिक लावणी संगीत और शानदार डांस का खास संगम देखने को मिल सकता है।
वहीं, ट्रेलर में रणदीप हुड्डा भी अपने दमदार अंदाज में नजर आते हैं। उनके अलावा मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी और सिद्धार्थ जाधव भी फिल्म का हिस्सा हैं। अब देखना होगा कि श्रद्धा कपूर का यह नया अवतार सिनेमाघरों में दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाता है। ‘ईठा’ 4 दिसंबर 2026 को बड़े पर्दे पर रिलीज होगी।