बिग बॉस 20 में एंट्री को लेकर मॉडल रिया अहीर और पूर्व बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के बीच सोशल मीडिया पर जुबानी जंग तेज हो गई है. रिया के शो में एंट्री न कर पाने के बाद पूनावाला ने उन पर निशाना साधा, जिसके बाद रिया ने उन्हें ‘अंकल’ कहकर पलटवार किया. अब पूनावाला ने एक और वीडियो शेयर कर रिया को करारा जवाब दिया है.

रिया अहीर उस वक्त सुर्खियों में आई थीं, जब Gen Z आंदोलन के दौरान उनका एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह पुलिस वैन के सामने खड़ी नजर आई थीं. इसके बाद उन्हें बिग बॉस 20 में पब्लिक वोटिंग के जरिए एंट्री पाने का मौका मिला. उनका मुकाबला पंजाबी एक्ट्रेस लव गिल से था, लेकिन वोटिंग में लव गिल ने बाजी मार ली और रिया शो में जाने से पहले ही बाहर हो गईं.

रिया के एविक्शन के बाद शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर उन पर कई सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि रिया के प्रोटेस्ट से जुड़ी तस्वीर और वीडियो को ‘स्क्रिप्टेड’ तरीके से वायरल कराया गया और इसे कई राजनीतिक चेहरों से समर्थन मिला. उन्होंने रिया को लेफ्ट-विंग इकोसिस्टम और एंटी-मोदी यूट्यूबर्स का समर्थन मिलने का भी आरोप लगाया.

पूनावाला ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर किसी तस्वीर या वीडियो का वायरल होना और जनता के वोट से बिग बॉस में जगह बनाना दो अलग-अलग चीजें हैं. उन्होंने लव गिल की भी तारीफ की और कहा कि उन्होंने अपनी छवि और व्यवहार के दम पर लोगों का समर्थन हासिल किया.

इसके बाद रिया ने पूनावाला को ‘अंकल’ कहकर उन पर तंज कसा. अब शहजाद ने इसका जवाब देते हुए एक और वीडियो पोस्ट किया है. वीडियो में उन्होंने रिया के बिग बॉस से बाहर होने पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें एंट्री से पहले ही एग्जिट मिल गया.

पूनावाला ने राहुल गांधी का नाम लेते हुए रिया के आईक्यू पर भी विवादित टिप्पणी की और कहा कि रिया ने उन्हें गलत समझ लिया. उन्होंने यह भी दावा किया कि रिया खुद उनके साथ इंस्टाग्राम पर कोलैबोरेशन करने की इच्छा जता चुकी हैं. इसके अलावा उन्होंने रिया को राहुल गांधी, अखिलेश यादव और सीजेपी से जुड़ने जैसी बातें कहकर भी ताना मारा.

उम्र को लेकर चल रही बहस पर भी पूनावाला ने रिया को जवाब दिया. उन्होंने कहा कि रिया 28 साल की हैं और उन्हें ‘यंग गर्ल’ कहना सही नहीं है, जबकि वह खुद 38 साल के हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि शायद रिया ने उन्हें 56 साल के राहुल गांधी समझ लिया.

अब सोशल मीडिया पर दोनों के बीच छिड़ी इस जुबानी जंग के बाद हर किसी की नजर रिया अहीर के अगले जवाब पर है.