आखिरी बार पर्दे पर दिखेंगे असरानी, ‘हैवान’ में निभाया वॉचमैन का किरदार, अक्षय कुमार ने शेयर किया इमोशनल पोस्ट
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी लंबे अरसे बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देने वाली है। दोनों जल्द ही प्रियदर्शन की फिल्म ‘हैवान’ में नजर आएंगे। यह एक सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म है और प्रियदर्शन की ही मलयालम फिल्म ओप्पम का हिंदी रीमेक है। फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
फिल्म की स्टारकास्ट में कई बड़े नाम शामिल हैं, लेकिन ‘हैवान’ से जुड़ी एक बात इसे खास बना देती है। दिवंगत अभिनेता असरानी इस फिल्म में आखिरी बार पर्दे पर दिखाई देंगे। पिछले साल अक्टूबर में उनके निधन के बाद उनकी दो फिल्में इक्कीस और भूत बंगला रिलीज हो चुकी हैं। अब ‘हैवान’ उनकी अंतिम फिल्म होगी।
असरानी फिल्म में किस भूमिका में नजर आएंगे, इसका खुलासा खुद अक्षय कुमार ने किया है। अक्षय ने सोशल मीडिया पर असरानी के साथ फिल्माए गए उनके आखिरी शॉट की तस्वीर साझा करते हुए दिवंगत अभिनेता को याद किया। फिल्म में असरानी वॉचमैन का किरदार निभा रहे हैं। उनके साथ इस सीन में द फैमिली मैन फेम शारिब हाशमी नजर आएंगे, जो फिल्म में पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं।
अक्षय ने पोस्ट के जरिए असरानी के साथ काम करने को अपनी खुशकिस्मती बताया। उन्होंने लिखा कि उन्हें इस महान कलाकार के साथ काम करने और फिल्म में उनका आखिरी शॉट देखने का मौका मिला। साथ ही उन्होंने कहा कि असरानी जी की बहुत याद आएगी और उनके जैसा कलाकार दोबारा नहीं हो सकता।
अक्षय की इस पोस्ट के बाद फैंस भी भावुक नजर आए और उन्होंने दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि दी। असरानी और प्रियदर्शन का रिश्ता भी काफी पुराना रहा है। असरानी ने निर्देशक की कई फिल्मों में काम किया था और उनकी पिछली फिल्म भूत बंगला का भी हिस्सा रहे थे।
पांच दशक से ज्यादा लंबे करियर में असरानी ने बॉलीवुड को कई यादगार किरदार दिए। हालांकि उनका सबसे चर्चित किरदार आज भी ‘शोले’ के जेलर का माना जाता है। अब ‘हैवान’ में उनका छोटा सा किरदार उनके फैंस के लिए भावुक कर देने वाला पल हो सकता है।
फिल्म की बात करें तो अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा इसमें सैयामी खेर, बोमन ईरानी और श्रिया पिलगांवकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।