‘मिर्जापुर’ की रिलीज पर भावुक हुए अली फजल, बोले- ये फिल्म नहीं, सिनेमा का जश्न है
‘मिर्जापुर’ का भौकाल एक बार फिर देखने को मिल रहा है। फिल्म की रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर दर्शकों का पॉजिटिव रिएक्शन देखने को मिल रहा है। इसी बीच फिल्म में गुड्डू पंडित का किरदार निभाने वाले अली फजल ने रिलीज के दिन एक इमोशनल पोस्ट शेयर कर अपनी खुशी जाहिर की है। अली ने ‘मिर्जापुर’ को सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि सिनेमा का सेलिब्रेशन बताया।
अली ने अपनी पोस्ट में लिखा कि यह दिन पूरी टीम के लिए बेहद खास है। उनके मुताबिक, फिल्म की रिलीज सिर्फ एक प्रोजेक्ट के पर्दे पर आने का मौका नहीं, बल्कि बड़े किरदारों, हिंदी सिनेमा और उससे जुड़ी तमाम यादगार चीजों का जश्न है। उन्होंने कहा कि इस इंडस्ट्री का हिस्सा होना उनके लिए गर्व की बात है और अब ‘मिर्जापुर’ दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंच चुकी है।
अपने खास अंदाज में अली ने दर्शकों से फिल्म पर ज्यादा सख्ती न बरतने की बात कही। साथ ही उन्होंने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि उन्हें जरूरत से ज्यादा प्यार भी न दिया जाए, वरना दर्शक बिखर जाएंगे। आखिर में उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि ‘दिलवाले हैं हम।’
अली ने अपनी पोस्ट में फिल्म की पूरी टीम और उन तमाम लोगों का भी शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने पर्दे के पीछे रहकर लगातार मेहनत की। उन्होंने अपनी टीम के कई सदस्यों का नाम लेकर आभार जताया और कहा कि उनकी कास्ट और क्रू उनके अच्छे-बुरे हर दौर में उनके साथ खड़ी रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी उनका साथ इसी तरह बना रहेगा।
इसके बाद अली ने अपने परिवार की तीन खास महिलाओं का जिक्र किया। उन्होंने अपनी मां, पत्नी ऋचा चड्ढा और बेटी जुनेयरा के प्रति प्यार और आभार जताया, जिन्होंने उन्हें आगे बढ़ने की हिम्मत दी। अली की पोस्ट पर ऋचा चड्ढा ने भी मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी और उनकी दमदार परफॉर्मेंस की तारीफ की।
गौरतलब है कि अली फजल का गुड्डू पंडित का किरदार ‘मिर्जापुर’ के सबसे चर्चित किरदारों में शामिल है। इस भूमिका ने उनके करियर को एक नई दिशा दी। किरदार को पर्दे पर प्रभावी बनाने के लिए अली ने अपनी बॉडी और लुक पर काफी मेहनत की। सीरीज के हर सीजन में उनके अभिनय को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है और अब फिल्म में भी गुड्डू पंडित के रूप में उनकी मौजूदगी को लेकर जबरदस्त चर्चा देखने को मिल रही है।