कैटरीना कैफ के पोस्ट-प्रेग्नेंसी लुक पर हो रही बॉडी शेमिंग पर भड़के अली जफर, बोले- ‘उसे जीने दें, आपको क्या फर्क पड़ता है?’
कैटरीना कैफ और विक्की कौशल हाल ही में मुंबई में अंबानी परिवार के गणेशोत्सव समारोह में साथ नजर आए। लंबे समय बाद इस कपल की सार्वजनिक मौजूदगी ने फैंस का ध्यान खींचा। दोनों पिछले कुछ समय से पैपराजी की नजरों से दूर थे और इस खास मौके पर फैंस को उनकी पैरेंटहुड लाइफ की भी एक झलक देखने को मिली।
हालांकि, कपल के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कैटरीना कैफ के लुक को लेकर अलग तरह की चर्चा शुरू हो गई। कई यूजर्स ने उनकी पुरानी तस्वीरों को हालिया तस्वीरों के साथ शेयर करते हुए उनके लुक में आए बदलाव पर बातें कीं। कुछ लोगों ने तो इस दौरान अभिनेत्री को बॉडी-शेम भी किया।
गणेशोत्सव के मौके पर कैटरीना ऑलिव-ग्रीन रंग के फ्लेयर्ड अनारकली सूट में नजर आईं। उनका ट्रेडिशनल लुक काफी खूबसूरत था। उन्होंने राजस्थानी अंदाज के मिरर वर्क, रंग-बिरंगे धागों की कढ़ाई और खूबसूरत लटकनों से सजे दुपट्टे के साथ अपना लुक पूरा किया था।
लेकिन सोशल मीडिया पर उनके आउटफिट से ज्यादा उनके पोस्ट-प्रेग्नेंसी बॉडी लुक की चर्चा होने लगी। कैटरीना और विक्की ने 7 नवंबर 2025 को अपने पहले बच्चे, बेटे वियन का स्वागत किया था। इसके बाद सामने आईं उनकी तस्वीरों की तुलना प्रेग्नेंसी से पहले की तस्वीरों से की जाने लगी। कुछ यूजर्स ने उनके शरीर में आए बदलावों पर सवाल उठाए और आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कीं।
हालांकि, सोशल मीडिया पर ऐसे लोग भी थे जिन्होंने कैटरीना का बचाव किया। उनका कहना था कि प्रेग्नेंसी और बच्चे के जन्म के बाद महिला के शरीर में बदलाव आना बिल्कुल स्वाभाविक है। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर एक नई मां के शरीर की तुलना उसके प्रेग्नेंसी से पहले के लुक से करने की जरूरत ही क्या है?
इसी बीच पाकिस्तानी एक्टर-सिंगर अली जफर ने भी कैटरीना के खिलाफ हो रही बॉडी-शेमिंग पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया पर लोगों से अपील की कि महिलाओं को सिर्फ उनकी बाहरी खूबसूरती के आधार पर जज करना बंद करना चाहिए।
अली जफर ने कहा कि उन्होंने एक पुरुष को अपनी पूर्व बॉलीवुड को-स्टार कैटरीना के बारे में बात करते हुए सुना था। वह इस बात को लेकर असहज था कि कैटरीना पहले कैसी दिखती थीं और अब कैसी दिखती हैं। अली ने कहा कि खासकर एक पुरुष के तौर पर हमें इस तरह की सोच पर खुद के भीतर झांकने और सुधार करने की जरूरत है।
उन्होंने आगे कहा कि किसी महिला के शरीर, सोच या उसके जीवन जीने के तरीके को अपने बनाए हुए पैमानों पर आंकना सही नहीं है। हर इंसान अपनी जिंदगी में किसी न किसी संघर्ष और तलाश से गुजर रहा होता है और हम नहीं जानते कि सामने वाला किन परिस्थितियों से गुजर रहा है।
अली ने लोगों से महिलाओं और दूसरे लोगों के प्रति ज्यादा दयालु, समझदार, स्वीकार करने वाला और सकारात्मक रवैया रखने की अपील की। उन्होंने साफ कहा कि हर महिला की अपनी जिंदगी है। वह अपने अतीत, वर्तमान या भविष्य में जिस भी दौर से गुजर रही है, उसे अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने का पूरा अधिकार है।
बता दें कि अली जफर और कैटरीना कैफ 2011 में रिलीज हुई रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'मेरे ब्रदर की दुल्हन' में साथ काम कर चुके हैं।