बॉलीवुड एक्ट्रेस अमीषा पटेल के परिवार से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मुंबई स्थित उनके माता-पिता के घर से करीब 5 लाख रुपये की सोने और हीरे की ज्वेलरी चोरी होने का मामला सामने आया है। इस मामले में मुंबई पुलिस ने घर में काम करने वाली एक घरेलू सहायिका को गिरफ्तार किया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोरी की यह घटना अमीषा पटेल के माता-पिता के चर्चगेट स्थित घर में हुई। उनकी मां आशा पटेल को जनवरी में पता चला कि उनके हीरे जड़े सोने के कंगनों की एक जोड़ी गायब है। इन कंगनों की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

ज्वेलरी गायब होने के बाद आशा पटेल ने घर में काम करने वाली मेड से कंगन वापस करने के लिए कई बार कहा। मामला पुलिस तक पहुंचने के बाद जांच शुरू हुई और पुलिस ने 40 वर्षीय सीमा घाटे को चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे मुंबई के विरार इलाके से पकड़ा।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी घरेलू सहायिका को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड में भेज दिया गया। अब पुलिस चोरी की गई ज्वेलरी को बरामद करने के साथ-साथ यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस मामले में कोई और व्यक्ति शामिल है या नहीं।

इंडिया टुडे से बातचीत में अमीषा पटेल के मैनेजर ने भी घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि स्टाफ मेंबर को पकड़ लिया गया है और वह फिलहाल जेल में है।

हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक अमीषा पटेल या उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस फिलहाल चोरी की परिस्थितियों, गायब हुई ज्वेलरी और आरोपी की भूमिका समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।