अमित साध और ईशा देओल की ‘प्रताप’ का ट्रेलर आउट, सस्पेंस और एक्शन से भरपूर है कहानी
अमित साध और ईशा देओल की आगामी फिल्म ‘प्रताप’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। एक्शन और ड्रामा से भरपूर इस फिल्म में अमित साध एक ऐसे पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, जिसकी जिंदगी में अचानक ऐसा मोड़ आता है कि अपराधियों को पकड़ने वाला यह अफसर खुद सलाखों के पीछे पहुंच जाता है। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद इसकी कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
ट्रेलर में प्रताप नाम के एक जांबाज एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की दुनिया दिखाई गई है, जो कभी कानून का पालन करवाता था, लेकिन अब खुद कानून के शिकंजे में फंस चुका है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक सम्मानित पुलिस अधिकारी को जेल जाना पड़ा? क्या वह किसी साजिश का शिकार हुआ है या उसके अतीत में कोई ऐसा राज छिपा है, जो उसकी जिंदगी बर्बाद कर सकता है? फिल्म की कहानी से जुड़े ये सवाल दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ाते हैं।
फिल्म में एक्शन के साथ भावनात्मक टकराव और परिस्थितियों के बदलते समीकरण भी देखने को मिलेंगे। हालांकि, प्रताप के जेल पहुंचने की असली वजह क्या है और वह इस मुश्किल से कैसे बाहर निकलेगा, इसका खुलासा फिल्म देखने के बाद ही होगा।
अमित साध के लिए क्यों खास है ‘प्रताप’?
अमित साध ने अपने किरदार को लेकर कहा कि ‘प्रताप’ एक सामान्य पुलिस अधिकारी की कहानी नहीं है। उन्हें इस किरदार की सबसे खास बात यही लगी कि एक ऐसा इंसान, जिसने अपनी पूरी जिंदगी कानून लागू करने में बिताई, एक दिन खुद कानून के दूसरी तरफ खड़ा हो जाता है। अभिनेता के मुताबिक, इस किरदार में कई तरह की भावनाएं और विरोधाभास हैं, जिन्हें पर्दे पर उतारना उनके लिए एक दिलचस्प अनुभव रहा।
वहीं, ईशा देओल ने फिल्म की कहानी को कई परतों वाली बताया। उनके मुताबिक, कहानी आगे बढ़ने के साथ किरदारों और उनकी परिस्थितियों को देखने का नजरिया भी बदलता है। उन्होंने अमित साध और सचिन सराफ के साथ काम करने के अनुभव को भी शानदार बताया।
सही और गलत के बीच की कहानी है ‘प्रताप’
फिल्म के लेखक और निर्देशक सचिन सराफ के मुताबिक, ‘प्रताप’ एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है, जिसकी जिंदगी अचानक ऐसी परिस्थितियों में उलझ जाती है, जिनकी उसने कभी कल्पना भी नहीं की थी। फिल्म में फैसलों, उनके परिणामों और सही-गलत के बीच मौजूद बारीक अंतर को दिखाने की कोशिश की गई है। निर्देशक ने एक्शन और भावनाओं को कहानी के अनुरूप रखते हुए इसे वास्तविकता के करीब पेश करने की बात कही।
फिल्म के निर्माता प्रदीप रंगवानी ने भी प्रोजेक्ट पर भरोसा जताया है। उनके मुताबिक, अमित साध ने अपने किरदार में गहराई लाई है, जबकि अनुभवी कलाकारों की मौजूदगी फिल्म की कहानी को मजबूती देती है।
20 नवंबर को रिलीज होगी फिल्म
सचिन सराफ के निर्देशन में बनी ‘प्रताप’ में अमित साध और ईशा देओल के अलावा सीमा बिस्वास, तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुणाजी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। प्रदीप रंगवानी द्वारा निर्मित और यूवी फिल्म्स द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म 20 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब देखना होगा कि एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के जेल पहुंचने की यह कहानी बड़े पर्दे पर दर्शकों को कितना प्रभावित करती है।