अमित साध की अपकमिंग फिल्म ‘प्रताप’ को लेकर मेकर्स ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म का मोशन पोस्टर रिलीज कर दिया गया है, जिसमें एक ऐसे पुलिस अधिकारी की कहानी की झलक मिलती है, जो कभी अपनी बहादुरी और एनकाउंटर के लिए जाना जाता था, लेकिन अब खुद कानूनी जांच के घेरे में नजर आ रहा है। फिल्म का ट्रेलर 26 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगा, जबकि यह 20 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

मोशन पोस्टर में अखबारों की सुर्खियों के जरिए फिल्म की रहस्यमयी दुनिया को पेश किया गया है। इनमें एक बर्खास्त पुलिस अधिकारी, एनआईए की जांच, हाई-प्रोफाइल बम धमाके की आशंका और एक बड़े उद्योगपति से संभावित संबंधों का जिक्र देखने को मिलता है। इसके बाद अमित साध का किरदार सलाखों के पीछे नजर आता है, जो कहानी में आने वाले बड़े उलटफेर की तरफ इशारा करता है।

फिल्म का सवाल, ‘जब पुलिसवाला ही बन जाए निशाना, तो क्या होगा?’ इसकी कहानी को लेकर कई अटकलें पैदा करता है। आखिर ऐसा क्या हुआ कि अपराधियों से मुकाबला करने वाला अधिकारी खुद कानून के सामने खड़ा हो गया? क्या वह किसी साजिश में फंस गया है या उसके अतीत में कोई ऐसा राज छिपा है, जो अब उसकी जिंदगी बदलने वाला है? फिलहाल, मोशन पोस्टर इन सवालों के जवाब देने के बजाय सस्पेंस को और बढ़ाता है।

सचिन सारफ के लेखन और निर्देशन में बनी ‘प्रताप’ एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के संघर्ष पर आधारित है। फिल्म में अमित साध के किरदार को ऐसी परिस्थितियों से गुजरते दिखाया जाएगा, जो उसके सिद्धांतों, विश्वास और पेशेवर जिंदगी पर सवाल खड़े करती हैं। हालांकि, कहानी के अहम पहलुओं से पर्दा ट्रेलर रिलीज होने के बाद ही उठने की उम्मीद है।

फिल्म में अमित साध के अलावा ईशा देओल, सीमा बिस्वास और तिग्मांशु धूलिया भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। प्रदीप रंगवानी और यूवी फिल्म्स के निर्माण में तैयार हुई यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब दर्शकों को 26 अक्टूबर का इंतजार है, जब ट्रेलर के जरिए इस रहस्यमयी कहानी की और झलक सामने आएगी।