‘रामायण’ की कहानी समझाने में चूके मेकर्स? लक्ष्मण के किरदार पर भी उठे सवाल, अमेरिकी YouTubers ने निकाली कमी!
क्या ‘रामायण’ विदेशी दर्शकों को अपनी कहानी से जोड़ने में चूक रही है? लॉस एंजेलिस के एकेडमी म्यूजियम में फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर देखने वाले अमेरिकी YouTube चैनल Our Stupid Reactions के रिव्यू ने मेकर्स की कहानी कहने की शैली और इंग्लिश डबिंग पर सवाल खड़े किए हैं।
दोनों रिव्यूअर्स के मुताबिक, फिल्म की इंग्लिश डबिंग हर जगह प्रभावशाली नहीं लगती। कुछ संवादों की भाषा उन्हें अटपटी और टूटी-फूटी महसूस हुई। सबसे बड़ी समस्या यह रही कि हिंदी संवादों में मौजूद कविता, लय और भावनाओं का असर अंग्रेजी में पूरी तरह नजर नहीं आया। ऐसे में सवाल उठता है कि भारतीय महाकाव्य को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश में भाषा और भावनाओं के बीच तालमेल क्यों चुनौती बन रहा है?
फिल्म की दूसरी बड़ी कमजोरी कहानी पेश करने के तरीके को लेकर बताई गई। रिव्यूअर्स के मुताबिक, फिल्म कई जगह यह मानकर चलती है कि दर्शक रामायण के किरदारों और घटनाओं से पहले से परिचित हैं। जबकि किसी अंतरराष्ट्रीय दर्शक के लिए, जिसने रामायण की कहानी विस्तार से नहीं देखी या पढ़ी, किरदारों को समझना और उनसे भावनात्मक जुड़ाव बनाना इतना आसान नहीं होता।
लक्ष्मण के किरदार का उदाहरण देते हुए रिव्यूअर्स ने बताया कि भारतीय दर्शकों को उनके स्वभाव और हास्य की पहले से समझ है। लेकिन कहानी से अनजान विदेशी दर्शकों को उनके कुछ व्यवहार और मजाक का संदर्भ समझने में परेशानी हो सकती है। यानी जिस कहानी से भारतीय दर्शकों का गहरा सांस्कृतिक जुड़ाव है, उसे नए दर्शकों के सामने प्रभावी ढंग से पेश करना अपने आप में एक बड़ी चुनौती है।
यह आलोचना ‘रामायण’ के मेकर्स के लिए एक अहम सवाल खड़ा करती है। अगर फिल्म को वैश्विक स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाना लक्ष्य है, तो सिर्फ भव्य सेट, शानदार VFX और अंतरराष्ट्रीय प्रीमियर पर्याप्त नहीं होंगे। कहानी को इस तरह पेश करना भी जरूरी है कि उससे परिचित न होने वाला दर्शक भी किरदारों की भावनाओं, उनके रिश्तों और उनके फैसलों को समझ सके।