यश ने ‘टॉक्सिक’ के लिए अपने करियर के करीब चार साल लगाए थे। फिल्म को लेकर एक्टर काफी उत्साहित थे और इसकी रिलीज का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। हालांकि, रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों से उम्मीद के मुताबिक रिस्पॉन्स नहीं मिला। बॉक्स ऑफिस पर कमजोर प्रदर्शन के बाद ‘टॉक्सिक’ अब बड़ी डिजास्टर फिल्मों में शामिल हो चुकी है। खास बात ये है कि रिलीज के बाद से यश पब्लिकली ज्यादा नजर नहीं आए। अब फिल्म के फ्लॉप होने के बाद उनका रिएक्शन सामने आया है।

‘टॉक्सिक’ को शुरुआत में कन्नड़ा और इंग्लिश भाषाओं में शूट किया गया था। इसके बाद फिल्म को दूसरी भाषाओं में डब करके रिलीज किया गया। डबिंग का काम डबिंग सुपरवाइज़र जयदेव मोहन की निगरानी में हुआ था। हाल ही में जयदेव ने यूट्यूब चैनल ‘प्रजा-वाणी’ को दिए एक इंटरव्यू में फिल्म से जुड़ी कई बातें शेयर कीं।

इंटरव्यू के दौरान जयदेव ने दावा किया कि ‘टॉक्सिक’ रिलीज के तुरंत बाद इंटरनेट पर लीक हो गई थी। उनके मुताबिक, फिल्म की पायरेसी को रोकने के लिए मेकर्स को करीब 3 लाख पायरेसी लिंक्स हटवाने पड़े। हालांकि, तब तक फिल्म को काफी नुकसान हो चुका था।

जयदेव ने बताया कि फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू ने ‘टॉक्सिक’ के लिए लंबे समय तक मेहनत की थी। ऐसे में जब फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला, तो पूरी टीम के लिए ये काफी निराशाजनक रहा। जब उनसे पूछा गया कि फिल्म के फ्लॉप होने के बाद यश ने उनसे क्या कहा, तो उन्होंने एक्टर के साथ हुई बातचीत का जिक्र किया।

जयदेव के मुताबिक, रिलीज के बाद उनकी यश से आमने-सामने मुलाकात नहीं हुई है, लेकिन दोनों की फोन पर दो बार बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि रिलीज के दिन फिल्म के रिव्यू और दर्शकों की प्रतिक्रियाएं देखकर वह खुद काफी भावुक हो गए थे। इसी दौरान यश का उन्हें फोन आया।

यश ने उन्हें ज्यादा परेशान न होने की सलाह दी और कहा कि फिल्म का फैसला दर्शकों पर छोड़ देना चाहिए। उनका कहना था कि दर्शकों ने जो पसंद किया, वही उनकी मर्जी थी और अब टीम को आगे के काम पर ध्यान देना है।

जयदेव का कहना है कि यश खुद भी इस नतीजे से दुखी थे और उनकी आवाज में दर्द साफ महसूस हो रहा था। इसके बावजूद उन्होंने अपने दुख को पीछे रखते हुए टीम के सदस्यों का हौसला बढ़ाने की कोशिश की। जयदेव के अनुसार, फिल्म से जुड़े लोगों ने लंबे समय तक मेहनत की थी और ऐसे में उनका साथ देना यश के लिए जरूरी था।

बातचीत में जयदेव ने ये भी बताया कि वह करीब चार साल से ‘टॉक्सिक’ से जुड़े हुए थे। उन्होंने फिल्म का शुरुआती वर्जन भी सुना था, लेकिन शूटिंग पूरी होने तक कहानी और फिल्म में कई बदलाव किए गए। इसलिए उनके मुताबिक ये कहना सही नहीं होगा कि फिल्म को मेकर्स ने एक बेहतरीन प्रोडक्ट के तौर पर बनाया था और दर्शक उसे समझ नहीं पाए।

अब फिल्म के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन की बात करें तो ‘टॉक्सिक’ ने भारत में करीब 295.10 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। वहीं, ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने 43.40 करोड़ रुपये कमाए हैं। इस तरह फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 338.50 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

रिलीज के 15 दिन बाद भी फिल्म की कमाई बेहद कमजोर रही। 15वें दिन भारत में ‘टॉक्सिक’ ने महज 3 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इस प्रदर्शन के चलते फिल्म को अब देश की सबसे बड़ी डिजास्टर फिल्मों में गिना जा रहा है। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है।