नीम करौली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ को उत्तराखंड में टैक्स-फ्री करने का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून के एक सिनेमाघर में फिल्म देखने के बाद इसकी घोषणा की।

सीएम धामी अपनी पत्नी गीता धामी, कैबिनेट मंत्रियों गणेश जोशी और प्रदीप बत्रा समेत कई विधायकों के साथ फिल्म देखने पहुंचे थे। फिल्म देखने के बाद उन्होंने इसकी कहानी और संदेश की तारीफ की। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं।

धामी ने कहा कि नीम करौली बाबा का जीवन भक्ति के साथ-साथ सेवा, त्याग और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को संत के जीवन को पर्दे पर उतारने के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कैंची धाम आज दुनियाभर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ लक्ष्मी नारायण नाम के एक युवक की कहानी है, जो मां की मौत के बाद जीवन, मृत्यु और ईश्वर से जुड़े सवालों के जवाब तलाशने आध्यात्मिक यात्रा पर निकलता है। यही यात्रा आगे चलकर उसे संत नीम करौली बाबा के रूप में पहचान दिलाती है।

फिल्म में शोभिनव सत्या मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा विहान शेडगे, चंदन के आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल रस्तोगी, गुलशन पांडे और भगवानदास पटेल भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।

7 अगस्त को रिलीज हुई फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत की थी, लेकिन दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और वर्ड-ऑफ-माउथ के चलते इसकी कमाई में जबरदस्त उछाल आया। Sacnilk के मुताबिक, फिल्म अब तक ₹97.77 करोड़ ग्रॉस और ₹82.88 करोड़ नेट कमा चुकी है।