सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया स्टारर ‘द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ रिलीज के बाद से ही चर्चा में है। अब फिल्म के सिनेमैटोग्राफर मनु आनंद ने इसके मशहूर ‘छठी मैया’ गाने की शूटिंग का बिहाइंड द सीन वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में गाने को तैयार करने के पीछे की मेहनत, विशाल सेट और कई महत्वपूर्ण सीन्स की शूटिंग की झलक देखने को मिलती है।

BTS वीडियो में दिखाया गया है कि ‘छठी मैया’ गाने को किस बड़े स्तर पर फिल्माया गया। कैमरे के पीछे की पूरी प्रक्रिया को दिखाते हुए यह वीडियो बताता है कि गाने के हर सीन को पर्दे पर उतारने के लिए कितनी बारीकी से काम किया गया। विशाल सेट से लेकर कलाकारों की परफॉर्मेंस और कैमरा मूवमेंट तक, वीडियो में शूटिंग के कई दिलचस्प पहलू नजर आते हैं।

इस BTS में फिल्म का एक अहम और भावुक सीन भी देखने को मिलता है। गाने के आखिर में तमन्ना भाटिया पानी में गिरती हैं और उनका सिर एक पत्थर से टकरा जाता है। इसके बाद सिद्धार्थ मल्होत्रा का किरदार उन्हें बचाने के लिए आगे आता है। BTS फुटेज में इस पूरे सीक्वेंस को फिल्माने के दौरान की गई तैयारी और शूटिंग की झलक दिखाई गई है।

फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान तमन्ना भाटिया ने भी ‘छठी मैया’ गाने और इससे जुड़े अपने अनुभव के बारे में खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि यह फिल्म पूरी टीम के लिए बेहद खास है। अभिनेत्री ने बताया कि भारत में कई लोककथाएं हैं और उन्हें बड़े पर्दे पर लाने के लिए साहस, स्पष्ट सोच और एक मजबूत विजन की जरूरत होती है।

मुंबई में पली-बढ़ीं तमन्ना ने बताया कि उन्होंने जुहू बीच पर छठ पूजा के दौरान उमड़ने वाली बड़ी भीड़ तो कई बार देखी थी, लेकिन इस पर्व की परंपराओं के बारे में उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं थी। फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें इसके बारे में करीब से जानने का मौका मिला।

तमन्ना ने बताया कि छठ पूजा के दौरान लोग बेहद कठिन व्रत रखते हैं और करीब 36 घंटे तक बिना पानी के रहकर सूर्य देव और छठी मैया की पूजा करते हैं। अभिनेत्री के मुताबिक, इस परंपरा को करीब से समझना उनके लिए एक अलग अनुभव था।

उन्हें बिहार की संस्कृति की एक खास बात भी बेहद खूबसूरत लगी। तमन्ना ने कहा कि आमतौर पर लोग उगते हुए सूर्य को प्रणाम करते हैं, लेकिन छठ पर्व में डूबते हुए सूर्य को भी उतना ही सम्मान दिया जाता है। अभिनेत्री ने इसे बिहार की संस्कृति का बेहद खूबसूरत हिस्सा बताया।

गाने की शूटिंग से जुड़ा अपना अनुभव साझा करते हुए तमन्ना ने यह भी बताया कि एक सीन करते समय उनकी आंखों में आंसू आ गए थे। उन्होंने कहा कि कलाकार कई बार ऐसी भावनाओं के माध्यम बन जाते हैं, जिन्हें वे खुद भी पूरी तरह समझ नहीं पाते।

बता दें कि ‘द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की साथ में पहली फिल्म है। फिल्म में मनीष पॉल, श्वेता तिवारी, सुनील ग्रोवर और अनुप सोनी भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसका निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है, जबकि फिल्म को शोभा कपूर और एकता कपूर ने प्रोड्यूस किया है। बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई।