आनंद एल. राय की फिल्म ‘नखरेवाली’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में प्यार, कॉमेडी और रिश्तों की उलझनों को एक अलग अंदाज में पेश किया गया है। मेकर्स ने इसे ‘वॉमांटिक’ यानी कॉमेडी और रोमांस से भरपूर कहानी बताया है, जिसमें हंसी-मजाक के साथ आज के रिश्तों की सोच और चुनौतियां भी देखने को मिलेंगी।

ट्रेलर में प्यार को लेकर पुरुषों की अलग-अलग सोच को दिखाया गया है। कहानी इस बात पर भी सवाल उठाती है कि जिन महिलाओं के साथ पुरुष डेटिंग करते हैं, उनके प्रति उनका व्यवहार कैसा होता है और जिनसे वे शादी करना चाहते हैं, उनके लिए उनकी सोच किस तरह बदल जाती है। रिश्तों में मौजूद इन दोहरे मापदंडों के बीच कहानी रोमांस, भावनाओं और मजेदार परिस्थितियों का सफर तय करती है।

फिल्म की टैगलाइन, “कभी-कभी प्यार में मजनू को भी लैला बनना पड़ता है” पहले ही दर्शकों का ध्यान खींच चुकी है। अब ट्रेलर ने इसकी अनोखी प्रेम कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म में प्यार पाने की कोशिशों के साथ यह भी दिखाया जाएगा कि रिश्तों में लैंगिक भेदभाव और पुरानी धारणाएं किस तरह असर डालती हैं।

‘नखरेवाली’ में अंश दुग्गल और प्रगति श्रीवास्तव मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन राहुल शांकल्या ने किया है, जबकि आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा इसके निर्माण से जुड़े हैं। जियो स्टूडियोज और कलर येलो के बैनर तले बनी यह फिल्म रोमांस, कॉमेडी और रिश्तों के नखरों से भरपूर मनोरंजन पेश करने की तैयारी में है।

यह फिल्म 30 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि मजनू और लैला की इस नए जमाने की प्रेम कहानी को दर्शकों का कितना प्यार मिलता है।