राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विवाद पर परेश रावल का करारा जवाब, बोले- ‘गुजरात क्या बांग्लादेश-पाकिस्तान में है?’
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह के आयोजन को लेकर इन दिनों विवाद छिड़ा हुआ है। इस बार यह समारोह राजधानी दिल्ली में नहीं, बल्कि गुजरात के एकता नगर में आयोजित किया जाएगा। 22 सितंबर 2026 को होने वाले इस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विजेताओं को सम्मानित करेंगी। समारोह को दिल्ली से गुजरात स्थानांतरित किए जाने के फैसले पर राजनीतिक बहस शुरू हो गई है। इसी बीच अभिनेता परेश रावल ने इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए गुजरात में समारोह आयोजित करने के फैसले का बचाव किया है।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में परेश रावल से जब पूछा गया कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को दिल्ली की जगह गुजरात में आयोजित किए जाने पर सवाल क्यों उठाए जा रहे हैं, तो अभिनेता ने अपने अंदाज में इसका जवाब दिया। उन्होंने कहा कि गुजरात भारत का ही हिस्सा है, फिर वहां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह क्यों नहीं होना चाहिए? उन्होंने साफ कहा कि यह समारोह गुजरात में जरूर होना चाहिए।
परेश रावल से जब यह सवाल किया गया कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह हमेशा दिल्ली में आयोजित होता आया है और इस बार इसे गुजरात ले जाने पर राजनीतिक दल सवाल उठा रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि राजनीति का काम ही सवाल उठाना है। अभिनेता ने आगे कहा कि जिस तरह 26 जनवरी की परेड दिल्ली में होती है, उसी तरह देश के अलग-अलग राज्यों में भी राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। उनके मुताबिक, इसमें कोई बुराई नहीं है।
बता दें कि राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की शुरुआत साल 1954 में हुई थी। पहली बार यह समारोह दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया था। इसके बाद ज्यादातर मौकों पर यह आयोजन राजधानी दिल्ली में ही होता रहा। हालांकि, ऐसा पहली बार नहीं है जब राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह दिल्ली से बाहर आयोजित किया जा रहा है। साल 1971 में 17वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन चेन्नई में हुआ था। यानी इस साल दूसरी बार यह प्रतिष्ठित समारोह दिल्ली से बाहर आयोजित होने जा रहा है।
इस साल के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में कई चर्चित फिल्मों और कलाकारों को सम्मानित किया गया है। ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार मिला है, जबकि फिल्म की अभिनेत्री यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया है। वहीं ममूटी और कार्तिक आर्यन को क्रमशः ‘ब्रह्मयुगम’ और ‘चंदू चैंपियन’ में शानदार अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला है।
इसके अलावा ‘कल्कि 2898 एडी’ को संपूर्ण मनोरंजन प्रदान करने वाली सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म चुना गया है। अब 22 सितंबर को गुजरात के एकता नगर में होने वाले 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह पर सभी की नजरें रहेंगी।