'हनुमान अंश' की मुरीद हुईं प्रीति जिंटा, थिएटर से बोलीं- इसे मिस मत करना दोस्तों
नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। आम दर्शकों के साथ बॉलीवुड के सितारे भी इस फिल्म की तारीफ करते नजर आ रहे हैं। वरुण धवन और आदित्य धर के बाद अब एक्ट्रेस प्रीति जिंटा भी फिल्म की मुरीद हो गई हैं।
प्रीति जिंटा ने थिएटर पहुंचकर 'हनुमान अंश' देखी और फिल्म में नीम करोली बाबा का किरदार निभाने वाले शोभिनव सत्य की सादगी और अभिनय की जमकर सराहना की। फिल्म देखने के दौरान प्रीति ने सिनेमाघर से कुछ तस्वीरें अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर कीं। एक तस्वीर के साथ उन्होंने 'सीता राम' और 'वाह' लिखा।
वहीं, दूसरी तस्वीर के जरिए प्रीति ने अपने फैंस से भी फिल्म को सिनेमाघरों में देखने की अपील की। उन्होंने लिखा, 'इसे मिस मत करना दोस्तों।' उनकी पोस्ट से साफ है कि फिल्म ने एक्ट्रेस को काफी प्रभावित किया है।
फिल्म की कहानी की सादगी, आध्यात्मिक भाव और भक्ति भजनों को दर्शकों से खासा पसंद किया जा रहा है। बॉक्स ऑफिस पर भी 'हनुमान अंश' शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 169.20 करोड़ रुपये, जबकि नेट कलेक्शन 143.13 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म कमाई के मामले में लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है।