साउथ के सेट पर राधिका आप्टे ने झेला पितृसत्तात्मक माहौल, उम्रदराज एक्टर के साथ रोमांस करना पड़ा भारी!
अभिनेत्री राधिका आप्टे ने अपने करियर में कई तरह के चुनौतीपूर्ण किरदार निभाए हैं, लेकिन साउथ फिल्म इंडस्ट्री में काम करने का उनका एक अनुभव आज भी उन्हें याद है। हाल ही में अपनी वेब सीरीज 'अक्का' के प्रमोशन के दौरान उन्होंने एक तेलुगू फिल्म की शूटिंग से जुड़ा ऐसा किस्सा साझा किया, जिसे सुनकर उनकी को-एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश भी हैरान रह गईं।
दरअसल, जूम पर कीर्ति सुरेश के साथ बातचीत के दौरान राधिका से पूछा गया कि उनके करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण किरदार कौन-सा रहा है। इस पर उन्होंने एक तेलुगू फिल्म का जिक्र करते हुए बताया कि उस फिल्म में उन्हें अपने रिश्ते में मामा लगने वाले एक शख्स के साथ रोमांस करना था, जिसका किरदार उनसे काफी उम्रदराज अभिनेता ने निभाया था।
राधिका ने कहा, "मैंने एक तेलुगू फिल्म की थी, जिसमें मुझे अपने मामा से शादी करनी थी। वह मेरे करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण किरदार था। मुझे उस फिल्म की हर बात से नफरत थी।" उनकी यह बात सुनकर कीर्ति सुरेश पहले चौंक गईं और फिर हंसने लगीं। उन्होंने बताया कि तमिल और तेलुगू संस्कृति में कुछ समुदायों में ऐसे रिश्तों में शादी की परंपरा रही है।
हालांकि, राधिका की परेशानी सिर्फ उम्र के बड़े अंतर तक सीमित नहीं थी। उन्होंने बताया कि फिल्म के सेट पर उन्हें काफी पितृसत्तात्मक माहौल महसूस हुआ। एक्ट्रेस के मुताबिक, उनके लिए उस माहौल में काम करना बेहद मुश्किल था। उन्होंने फिल्म के एक एक्शन सीन का जिक्र करते हुए बताया कि कहानी में उनके किरदार की मौत हो जाती है और उन्हें एक्शन के दौरान अभिनेता के कंधे से उछालकर फेंका जाना था। राधिका ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह बस यही सोच रही थीं कि आखिर उनका किरदार मरेगा कब?
हालांकि राधिका ने इंटरव्यू में फिल्म का नाम नहीं बताया, लेकिन उनके बताए किरदार और सीन से संकेत मिलता है कि वह साल 2014 में रिलीज हुई नंदमुरी बालकृष्ण की फिल्म 'लेजेंड' की बात कर रही थीं। फिल्म में बालकृष्ण और राधिका आप्टे नजर आए थे। रिलीज के समय बालकृष्ण की उम्र करीब 54 साल थी, जबकि राधिका 29 साल की थीं।
राधिका ने 2010 में राम गोपाल वर्मा की 'रक्त चरित्र' फिल्मों से तेलुगू सिनेमा में कदम रखा था। इसके बाद वह 'धोनी', 'लेजेंड' और 'लायन' जैसी फिल्मों में नजर आईं। 'लायन' में उन्होंने एक बार फिर बालकृष्ण के साथ काम किया था।
सिर्फ पितृसत्ता ही नहीं, राधिका ने हाल ही में दक्षिण भारतीय सिनेमा में रंगभेद यानी कलरिज्म पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि पहले कई उत्तर भारतीय अभिनेत्रियों को दक्षिण भारतीय फिल्मों में सिर्फ उनके गोरे रंग की वजह से कास्ट किया जाता था। राधिका ने साफ कहा कि जब तक किसी प्रोजेक्ट में उन्हें कास्ट करने की कोई ठोस वजह नहीं होगी, वह साउथ की फिल्म नहीं करना चाहेंगी।
फिलहाल राधिका आप्टे नेटफ्लिक्स की वेब सीरीज 'अक्का' को लेकर चर्चा में हैं।