नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म 'रामायण' को लेकर पिछले कई दिनों से चर्चाएं तेज हैं। फिल्म के ट्रेलर और गानों के सामने आने के बाद से ही दर्शकों के बीच इसे लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिली हैं। किसी ने फिल्म के भव्य स्केल और विजुअल्स की तारीफ की, तो किसी ने इसके VFX, बैकग्राउंड म्यूजिक और किरदारों के लुक पर सवाल उठाए।

सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर हुई कि क्या फिल्म रामायण जैसी महान कथा की भावनाओं और आध्यात्मिकता को पर्दे पर उतार पाई है? रणबीर कपूर और यश के किरदारों की आवाज और डायलॉग डिलीवरी पर भी सवाल उठे। वहीं, कुछ दर्शकों को ट्रेलर में वह भावनात्मक जुड़ाव महसूस नहीं हुआ, जिसकी उम्मीद रामायण जैसी कहानी से की जाती है। लक्ष्मण जैसे अहम किरदार को लेकर भी कुछ लोगों ने सवाल खड़े किए।

इन तमाम आलोचनाओं के बीच फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने 'रामायण' को 5 में से 5 स्टार देकर इसे परफेक्ट बता दिया। उनके इस रिव्यू ने भी एक नई बहस छेड़ दी है कि क्या वाकई फिल्म इतनी शानदार है या फिर इसे लेकर अभी कुछ और सामने आना बाकी है?

हालांकि, अब इन तमाम सवालों का जवाब मिलने का वक्त आ गया है। 4 नवंबर को मुंबई में फिल्म की मीडिया स्क्रीनिंग रखी गई है। यानी कल मीडिया के सामने फिल्म की असली तस्वीर साफ होगी। तब पता चलेगा कि ट्रेलर और गानों को लेकर उठे सवालों में कितनी सच्चाई है और फिल्म उन कमियों को दूर कर पाई है या नहीं।

क्या तरण आदर्श के 5 स्टार फिल्म की असली कहानी बयां कर रहे हैं या फिर पर्दे पर कुछ और ही देखने को मिलने वाला है? अब सबकी नजरें कल की स्क्रीनिंग पर टिकी हैं।