‘रामायण’ के BTS ने बदली लोगों की राय, रणबीर के राम रूप से लेकर VFX तक की हो रही तारीफ
रणबीर कपूर स्टारर ‘रामायण’ को लेकर अब माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। फिल्म के मेकर्स ने इसकी मार्केटिंग की शुरुआत कर दी है और हाल ही में फिल्म से जुड़े पोस्टर्स के बाद अब एक शानदार बिहाइंड द सीन वीडियो जारी किया गया है। रणबीर कपूर के जन्मदिन के मौके पर सामने आए इस BTS वीडियो में पहली बार यह देखने को मिला कि किस तरह रणबीर कपूर ने भगवान राम के किरदार में खुद को ढाला है।
वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई। रणबीर कपूर के लुक, उनकी बॉडी लैंग्वेज और भगवान राम के किरदार को निभाने के अंदाज पर खूब बातें हो रही हैं। टीवी पर भगवान राम का किरदार निभा चुके अभिनेता अरुण गोविल ने भी रणबीर की तारीफ की है। लेकिन इस पूरे वीडियो में अगर किसी चीज ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा, तो वह फिल्म का VFX और उसका ब्रेकडाउन है।
मेकर्स ने BTS के जरिए यह दिखाने की कोशिश की है कि फिल्म के बड़े-बड़े सीन्स को किस तरह तैयार किया गया है। शूटिंग के दौरान कलाकारों के सामने मौजूद ग्रीन और ब्लू स्क्रीन से लेकर फाइनल विजुअल तक की झलक ने दर्शकों को हैरान कर दिया। कई लोगों को पहली बार अंदाजा हुआ कि फिल्म के पर्दे पर दिखाई देने वाले भव्य संसार को तैयार करने में कितनी बड़ी तकनीकी मेहनत की गई है।
सोशल मीडिया पर लोग अब इस BTS वीडियो को लगातार शेयर कर रहे हैं और फिल्म के विजुअल्स पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। खास बात यह है कि कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इस वीडियो को देखने के बाद प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा से माफी मांगते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, नमित मल्होत्रा ने फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया था। इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर एक वर्ग फिल्म के विजुअल्स को लेकर सवाल उठा रहा था। लोगों को लग रहा था कि इतने बड़े बजट के बावजूद फिल्म में उस स्तर के विजुअल्स नजर नहीं आ रहे हैं। लेकिन अब BTS वीडियो सामने आने के बाद कई दर्शकों की राय बदलती हुई दिखाई दे रही है।
वीडियो के कुछ विजुअल्स ने लोगों को हॉलीवुड की मशहूर ‘Dune’ फिल्मों की याद दिला दी है। खासकर कुछ ऐसे शॉट्स, जिनमें रणबीर की सिर्फ परछाई नजर आती है, सोशल मीडिया यूजर्स को काफी पसंद आ रहे हैं। इसके अलावा फिल्म के बड़े एक्शन सीन्स की भी झलक देखने को मिली, जिन्हें इंटरनेशनल स्तर के एक्शन एक्सपर्ट्स के साथ तैयार किया जा रहा है।
BTS में एक बड़े युद्ध सीक्वेंस की भी झलक दिखाई गई, जिसमें भगवान राम को हजारों राक्षसों के सामने लड़ते हुए दिखाया गया है। बताया जा रहा है कि फिल्म में करीब 14,000 राक्षसों से जुड़े इस तरह के विशाल युद्ध दृश्य को बड़े पैमाने पर तैयार किया गया है। ऐसे सीन्स को देखकर दर्शकों को अंदाजा लग रहा है कि फिल्म के स्केल को कितना बड़ा रखा गया है।
एक और चीज जिसने लोगों का ध्यान खींचा, वह है फिल्म की शूटिंग का तरीका। BTS वीडियो में साफ नजर आया कि फिल्म के कई हिस्सों को वास्तविक लोकेशन पर शूट करने के बजाय ग्रीन और ब्लू स्क्रीन के सामने फिल्माया गया है। इसके बाद VFX के जरिए इन दृश्यों को भव्य दुनिया में बदला गया है।
जहां आमतौर पर फिल्मों में जरूरत से ज्यादा VFX के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठते हैं, वहीं ‘रामायण’ के BTS ने कम से कम सोशल मीडिया पर एक अलग तरह की चर्चा छेड़ दी है। हालांकि हर कोई इससे प्रभावित नहीं है। कुछ दर्शक अब भी सवाल उठा रहे हैं कि फिल्म के कुछ हिस्सों को वास्तविक लोकेशन पर शूट क्यों नहीं किया गया और कुछ विजुअल्स को लेकर उनकी शिकायतें अभी भी बरकरार हैं।
फिलहाल इतना साफ है कि ‘रामायण’ के BTS वीडियो ने फिल्म को लेकर चर्चा को एक नया मोड़ दे दिया है। अब दर्शकों की नजर फिल्म के अगले अपडेट और उसके फाइनल विजुअल्स पर टिकी है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म का वर्किंग टाइटल ‘Ramayana: Rise of the Legend’ बताया गया है। भारत में फिल्म 8 नवंबर को रिलीज होने की बात कही गई है, जबकि दुनियाभर के अलग-अलग बाजारों में इसकी रिलीज 5 और 6 नवंबर को होगी।