नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर हलचल मचा रही है। 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली इस फिल्म ने दुनियाभर में एडवांस बुकिंग से करीब 75 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं।

सैकनिल्क के मुताबिक, भारत में ब्लॉक की गई सीटों समेत फिल्म का एडवांस बुकिंग ग्रॉस कलेक्शन करीब 45.35 करोड़ रुपये पहुंच गया है। अब तक लगभग 10.85 लाख टिकट बिक चुके हैं और देशभर में 35,294 शोज रखे गए हैं। ब्लॉक सीटों को हटाने पर यह आंकड़ा 36.39 करोड़ रुपये है।

विदेशों में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। इंटरनेशनल मार्केट में इसकी एडवांस बुकिंग करीब 3.5 मिलियन डॉलर यानी 31.3 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इसमें नॉर्थ अमेरिका का सबसे बड़ा योगदान है, जहां पेड प्रीव्यू की एडवांस बुकिंग 1 मिलियन डॉलर पार कर चुकी है।

भारत में हिंदी वर्जन सबसे आगे है, जबकि कर्नाटक और तेलुगु मार्केट से भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। दिल्ली-एनसीआर, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद में टिकटों की अच्छी बिक्री देखने को मिल रही है। रणबीर कपूर और यश की लोकप्रियता फिल्म के लिए बड़ा फायदा साबित हो सकती है।

100 करोड़ की ओपनिंग की उम्मीद?

ट्रेड एनालिस्ट अक्षय राठी के अनुमान के मुताबिक, फिल्म का हिंदी वर्जन अकेले 50 से 65 करोड़ रुपये की ओपनिंग कर सकता है। वहीं, दूसरी भाषाओं से 45 से 50 करोड़ रुपये की कमाई की उम्मीद है। उनके अनुसार, कर्नाटक से ही फिल्म को 35 से 40 करोड़ रुपये तक मिल सकते हैं।

चीन में भी रिलीज की तैयारी

फिल्म की इंटरनेशनल रिलीज के लिए सोनी पिक्चर्स काम कर रही है। चीन में इसे 'रामायण: द लीजेंड ऑफ द प्रिंस' नाम से रिलीज करने की तैयारी है। नितेश तिवारी की पिछली फिल्म 'दंगल' को चीन में मिली लोकप्रियता के चलते इस मार्केट से भी काफी उम्मीदें लगाई जा रही हैं। हालांकि, चीन में रिलीज की तारीख और स्क्रीन्स को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म को दुनियाभर में 59 हजार तक स्क्रीन्स पर रिलीज करने का लक्ष्य है। इसका अंग्रेजी वर्जन भी तैयार किया गया है, ताकि विदेशी दर्शकों तक पहुंच बढ़ाई जा सके।

हालांकि, फिल्म के सामने सबसे बड़ी चुनौती दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरने की होगी। रामायण से करोड़ों लोगों की भावनाएं जुड़ी हैं और ऐसे में रणबीर कपूर, यश और पूरी टीम पर बड़ी जिम्मेदारी है।

बता दें कि 'रामायण: पार्ट 1' 5 नवंबर को रिलीज होगी, जबकि दूसरे पार्ट को दिवाली 2028 में रिलीज किए जाने की चर्चा है।