रणबीर कपूर और यश की मच अवेटेड फिल्म 'रामायण' को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज करने की योजना है. पहले पार्ट को दिवाली 2026 और दूसरे पार्ट को दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में लाने की तैयारी थी. हालांकि, अब ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि मेकर्स ने 'रामायण 2' की रिलीज को एक साल आगे बढ़ाने का फैसला किया है. अगर रिपोर्ट्स की मानें, तो फिल्म अब दिवाली 2028 में रिलीज हो सकती है.

'रामायण 2' की रिलीज में क्यों होगी देरी?

'बॉलीवुड हंगामा' की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ​​'रामायण' को भारतीय सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक अनुभव बनाना चाहते हैं. उनके लिए यह प्रोजेक्ट महज एक फिल्म नहीं, बल्कि भावनाओं और भारतीय संस्कृति से जुड़ी एक बड़ी जिम्मेदारी है. यही वजह है कि फिल्म के हर पहलू पर बारीकी से काम किया जा रहा है. जहां पहला पार्ट अपनी तय रिलीज डेट के करीब पहुंच चुका है, वहीं दूसरे भाग को पूरा करने के लिए मेकर्स को अतिरिक्त समय की जरूरत है.

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि 'रामायण' की असली भव्यता दूसरे पार्ट में देखने को मिलेगी. कहानी का सबसे अहम हिस्सा यानी राम और रावण के बीच होने वाला महायुद्ध इसी भाग में दिखाया जाएगा. ऐसे में मेकर्स इस युद्ध को बड़े पर्दे पर भव्य और यादगार अंदाज में पेश करने के लिए कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते.

एक्शन सीक्वेंस को भव्य बनाने में लग रहा ज्यादा समय

रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के एक्शन सीक्वेंस तैयार करने में उम्मीद से ज्यादा वक्त लग रहा है. नमित मल्होत्रा ​​और निर्देशक नितेश तिवारी चाहते हैं कि फिल्म में ऐसे एक्शन दृश्य देखने को मिलें, जो विश्व सिनेमा में अपनी अलग पहचान बना सकें. इसी वजह से दूसरे पार्ट के एक्शन डिजाइन और बड़े पैमाने पर इसकी प्रस्तुति को लेकर अतिरिक्त मेहनत की जा रही है.

नमित मल्होत्रा ​​का लक्ष्य भारतीय महाकाव्य 'रामायण' की कहानी को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाना है. बताया जा रहा है कि इसी विजन को ध्यान में रखते हुए फिल्म के दूसरे भाग का स्केल पहले से भी बड़ा किया जा रहा है. मेकर्स इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को लेकर किसी तरह का समझौता नहीं करना चाहते और बजट को भी अपने विजन के रास्ते में बाधा नहीं बनने दे रहे हैं.

'रामायण' के पोस्ट-क्रेडिट सीन में हो सकता है बड़ा ऐलान

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि 'रामायण पार्ट 1' के पोस्ट-क्रेडिट सीक्वेंस के दौरान दूसरे भाग की नई रिलीज डेट का खुलासा किया जा सकता है. हालांकि, रिलीज डेट में बदलाव को लेकर मेकर्स की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ऐसे में दर्शकों को इस बारे में अंतिम जानकारी के लिए फिल्म की रिलीज तक इंतजार करना पड़ सकता है.

5 नवंबर को रिलीज होगी 'रामायण पार्ट 1'

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण पार्ट 1' दुनिया भर के सिनेमाघरों में 5 नवंबर 2026 को रिलीज होने वाली है. फिल्म को IMAX 3D समेत कई फॉर्मेट्स में रिलीज किया जाएगा. इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, सनी देओल भगवान हनुमान और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म में रवि दुबे, अनुपम खेर, रकुल प्रीत सिंह, काजल अग्रवाल और विवेक ओबेरॉय भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे.

फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्साह है. अब देखना होगा कि मेकर्स दूसरे पार्ट की रिलीज डेट को लेकर कब आधिकारिक घोषणा करते हैं.