दो फिल्मों तक सीमित नहीं रहेगी ‘रामायण’, नमित मल्होत्रा बनाएंगे पूरा यूनिवर्स!
फिल्म ‘रामायण’ को लेकर नमित मल्होत्रा ने अपने बड़े प्लान का खुलासा किया है। वो इस कहानी को सिर्फ दो फिल्मों तक सीमित नहीं रखना चाहते, बल्कि ‘रामायण’ का एक बड़ा यूनिवर्स बनाना चाहते हैं। इसमें स्पिन-ऑफ फिल्में, टीवी शोज, एनिमेशन, वीडियो गेम्स, थीम पार्क और म्यूजिकल शोज जैसी चीजें शामिल हो सकती हैं। इसके अलावा AR और VR जैसी टेक्नोलॉजी के जरिए भी दर्शकों को रामायण की दुनिया से जोड़ने की तैयारी है।
हैदराबाद में आयोजित प्री-रिलीज इवेंट में नमित ने कहा कि राम की यात्रा को एक या दो फिल्मों के बाद रोकना उनका मकसद नहीं है। वो चाहते हैं कि आने वाली पीढ़ियां भी इस कहानी से जुड़ें। उन्होंने ‘स्टार वॉर्स’, मार्वल और DC का उदाहरण देते हुए कहा कि रामायण की दुनिया भी बेहद विशाल है और इसमें कई तरह की कहानियां कहने की संभावनाएं हैं।
नमित मल्होत्रा ने रामायण यूनिवर्स को लेकर एक बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो भी दिखाया, जिसमें इस प्रोजेक्ट को भविष्य में आगे बढ़ाने की योजनाओं की झलक मिली। इसके तहत रामायण के अलग-अलग किरदारों पर स्पिन-ऑफ फिल्में बनाई जा सकती हैं। यानी कहानी सिर्फ भगवान राम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि रावण समेत दूसरे प्रमुख किरदारों की जिंदगी, उनके अतीत और उनकी शुरुआत को भी अलग-अलग फिल्मों के जरिए दिखाया जा सकता है। इससे दर्शकों को रामायण के उन किरदारों को करीब से जानने का मौका मिलेगा, जिनकी अपनी अलग कहानी और अहमियत है।
इस यूनिवर्स को फिल्मों से आगे ले जाने के लिए टीवी शोज, एनिमेशन, वीडियो गेम्स, रामायण से जुड़े खिलौने, कपड़े और दूसरी चीजों पर भी काम किया जा सकता है। इसके अलावा, थीम पार्क, म्यूजिकल शोज और नई टेक्नोलॉजी के जरिए दर्शकों को रामायण की दुनिया का अनुभव कराने की योजना भी सामने आई है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ का पहला पार्ट 5 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज होने वाला है। नमित मल्होत्रा इस प्रोजेक्ट को ग्लोबल स्तर पर पहुंचाने की तैयारी में जुटे हैं और इसे भारतीय संस्कृति से जुड़ी ऐसी महागाथा के रूप में पेश करना चाहते हैं, जिससे आने वाली पीढ़ियां भी जुड़ सकें।