सलमान खान और सोमी अली का रिश्ता 90 के दशक में बॉलीवुड के चर्चित अफेयर्स में से एक था। दोनों के प्यार और शादी की चर्चाएं लंबे समय तक सुर्खियों में रहीं। हालांकि, करीब 8 साल तक साथ रहने के बाद दोनों अलग हो गए। अब सोमी अली ने अपने पुराने रिश्ते को लेकर फिर बात की है और साफ कर दिया है कि वह सलमान खान के साथ दोबारा पैचअप करने में बिल्कुल दिलचस्पी नहीं रखतीं।

बॉलीवुड में कई ऐसी प्रेम कहानियां रही हैं, जो अपने मुकाम तक नहीं पहुंच सकीं, लेकिन उनकी चर्चा सालों बाद भी होती रहती है। सलमान खान और सोमी अली का रिश्ता भी ऐसी ही कहानियों में शामिल है। एक समय दोनों एक-दूसरे के बेहद करीब थे और उनके रिश्ते को लेकर शादी तक की अटकलें लगाई जाने लगी थीं। लेकिन वक्त के साथ उनके बीच दूरियां बढ़ीं और आखिरकार दोनों की राहें अलग हो गईं।

सोमी अली पहले भी कई मौकों पर सलमान खान के साथ अपने रिश्ते और उससे जुड़ी यादों पर खुलकर बात कर चुकी हैं। अब एक बार फिर उन्होंने अपने पुराने रिश्ते को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने इस चर्चित प्रेम कहानी को दोबारा सुर्खियों में ला दिया है।

सलमान खान के साथ पैचअप पर क्या बोलीं सोमी अली?

बॉलीवुड लाइफ के साथ बातचीत के दौरान सोमी अली से पूछा गया कि क्या वह भविष्य में सलमान खान के साथ दोबारा रिश्ता जोड़ने या पैचअप करने के बारे में सोच सकती हैं? इस सवाल के जवाब में उन्होंने साफ कहा कि उन्हें ऐसा करने में कोई दिलचस्पी नहीं है।

सोमी ने अपने जवाब में उस बात का भी जिक्र किया, जो उनके मुताबिक, सलमान खान ने उनसे रिश्ता खत्म होने के समय कही थी। उन्होंने दावा किया कि सलमान ने उनसे कहा था, 'तुम मेरे बिना सिक्के के बराबर भी नहीं हो। मेरे नाम के बिना तुम्हारा कोई ही वजूद नहीं है।'

सोमी के इस बयान से जाहिर होता है कि वह अपने पुराने रिश्ते को पीछे छोड़ चुकी हैं और अब उस अध्याय को दोबारा शुरू नहीं करना चाहतीं। हालांकि, यह बयान सोमी अली की ओर से साझा किया गया उनका निजी अनुभव है।

16 साल की उम्र में सलमान से शादी करने भारत आई थीं सोमी

सोमी अली और सलमान खान की प्रेम कहानी भी काफी दिलचस्प रही है। बताया जाता है कि सोमी महज 16 साल की उम्र में सलमान खान से शादी करने के इरादे से भारत आई थीं। उस समय वह अभिनेता को पसंद करती थीं और उनसे शादी करने का सपना देखती थीं।

धीरे-धीरे दोनों करीब आए और उनके रिश्ते की चर्चा बॉलीवुड में होने लगी। दोनों का रिश्ता करीब आठ साल तक चला। हालांकि, इस प्रेम कहानी का अंत सुखद नहीं रहा। साल 1999 में दोनों का ब्रेकअप हो गया, जिसके बाद सोमी अली भारत छोड़कर अमेरिका चली गईं।

अलग होने के बाद भी सलमान और सोमी का रिश्ता समय-समय पर मीडिया की चर्चा का विषय बनता रहा है। सोमी कई बार अपने पुराने अनुभवों के बारे में बात कर चुकी हैं। अब उनके ताजा बयान ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर क्यों वह इस रिश्ते में वापस लौटना नहीं चाहतीं।

फिल्मों में काम कर चुकी हैं सोमी अली

सोमी अली ने 90 के दशक में हिंदी फिल्मों में भी अपनी किस्मत आजमाई थी। वह 'कृष्ण अवतार', 'अंत', 'आंदोलन', 'माफिया' और 'चुप' जैसी फिल्मों में नजर आई थीं। हालांकि, अभिनय की दुनिया में उन्हें वैसी लोकप्रियता नहीं मिली, जैसी उनके चर्चित निजी रिश्ते को लेकर मिली।

बाद में सोमी ने फिल्मी दुनिया से दूरी बना ली और सामाजिक कार्यों की ओर अपना ध्यान केंद्रित किया। वह अमेरिका में 'नो मोर टियर्स' नाम का गैर-लाभकारी संगठन चलाती हैं, जो घरेलू हिंसा और मानव तस्करी से प्रभावित लोगों की मदद करने के लिए काम करता है।

आज सोमी अली भले ही बॉलीवुड की चकाचौंध से दूर हैं, लेकिन सलमान खान के साथ उनके पुराने रिश्ते को लेकर दिए गए बयान अक्सर सुर्खियां बटोर लेते हैं। इस बार भी उनका साफ जवाब यही है कि वह अपने अतीत में वापस लौटने के बजाय आगे बढ़ना चाहती हैं।