एक प्राचीन शक्ति जागने वाली है और सिद्धार्थ मल्होत्रा की अगली फिल्म इसी रहस्य के इर्द-गिर्द घूमती नजर आ रही है। अभिनेता ने अपनी बहुप्रतीक्षित लोक-पौराणिक थ्रिलर ‘द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ का नया टीजर पोस्टर वीडियो जारी किया है। इसके साथ ही उन्होंने फिल्म के ट्रेलर की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। फिल्म का ट्रेलर 16 सितंबर को रिलीज होगा, जबकि फिल्म 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

सिद्धार्थ मल्होत्रा ने फिल्म का पोस्टर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “जाग रही है वो शक्ति, जिसका था सबको सदियों से इंतजार।” वीडियो में रहस्यमयी जंगल, प्राचीन शक्ति और त्रिशूल जैसी झलकियां दिखाई देती हैं, जिसने फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

‘द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ भारतीय लोककथाओं, पौराणिक मान्यताओं, रहस्य, डर और रोमांच का अनोखा मिश्रण बताई जा रही है। फिल्म की कहानी वन देवी से जुड़ी पारंपरिक मान्यताओं से प्रेरित है। खास बात यह है कि इसमें जंगल सिर्फ कहानी की पृष्ठभूमि नहीं, बल्कि एक अहम किरदार की तरह नजर आएगा।

फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिका में हैं। कहानी एक ऐसे शहर में पले-बढ़े शख्स की है, जो अपने पुश्तैनी गांव लौटता है। वह तर्क और आधुनिक सोच में विश्वास करता है, लेकिन गांव पहुंचने के बाद उसे वहां की पुरानी मान्यताओं और चेतावनियों का सामना करना पड़ता है।

कहानी तब खतरनाक मोड़ लेती है, जब वह उस जंगल में जाने का फैसला करता है, जहां सूर्यास्त के बाद जाने की किसी को इजाजत नहीं है। जंगल में कदम रखते ही घटनाओं का ऐसा सिलसिला शुरू होता है, जिससे एक प्राचीन और शक्तिशाली ताकत जाग उठती है।

इसके बाद सिद्धार्थ का किरदार अंधविश्वास और तर्क के बीच फंसा नजर आता है। जो कहानी शुरुआत में सिर्फ एक रहस्यमयी अनुभव लगती है, वह धीरे-धीरे एक बड़ी जंग में बदल जाती है। हालात उसे एक ऐसे रक्षक की भूमिका में पहुंचा देते हैं, जिसकी जिम्मेदारी अपने लोगों को इस प्राचीन शक्ति से बचाने की होती है।

फिल्म में सिद्धार्थ और तमन्ना के अलावा सुनील ग्रोवर, मनीष पॉल, श्वेता तिवारी और अनुप सोनी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म लोककथा, पौराणिक रहस्य, रोमांच और एक्शन को एक साथ पर्दे पर लाने की कोशिश करती है।

अब 16 सितंबर को आने वाले ट्रेलर से यह साफ होगा कि फिल्म की रहस्यमयी दुनिया कैसी होने वाली है और आखिर वह कौन-सी प्राचीन शक्ति है, जिसके जागने का सदियों से इंतजार किया जा रहा था।