हॉलीवुड की ग्लोबल ब्लॉकबस्टर हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ अब भारतीय दर्शकों को हिंदी में डराने के लिए तैयार है। फिल्म 30 अक्टूबर को JioHotstar के Peacock Hub पर स्ट्रीम होगी। खास बात यह है कि इसके हिंदी वर्जन में कृति सेनन और वरुण धवन मुख्य किरदारों निक्की और बेयर को अपनी आवाज देंगे।

क्यूरी बार्कर के निर्देशन में बनी ‘ऑब्सेशन’ ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर 500 मिलियन अमेरिकी डॉलर से ज्यादा की कमाई की है। फिल्म को भारत में भी शानदार प्रतिक्रिया मिली। अब इसके OTT प्रीमियर को खास बनाने के लिए मेकर्स ने हिंदी रूपांतरण में बॉलीवुड के दो लोकप्रिय सितारों को जोड़ा है।

पहली बार डबिंग करेंगी कृति सेनन

कृति सेनन ने फिल्म के हिंदी वर्जन के साथ एक नया अनुभव हासिल किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी रोमांचक, अनोखी और रहस्यमयी है। किसी दूसरे कलाकार के अभिनय को अपनी आवाज देना उनके लिए पहली बार था और यह अनुभव उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण भी रहा।

वहीं, वरुण धवन ने कहा कि हिंदी वर्जन पर काम करने के दौरान उन्हें फिल्म की कई ऐसी बारीकियां समझने का मौका मिला, जो पहली बार देखने पर शायद उनकी नजर से छूट गई थीं।

हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में देख सकेंगे फिल्म

JioStar के हेड आलोक जैन के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य बेहतरीन कहानियों को भाषा की बाधा से दूर ज्यादा से ज्यादा दर्शकों तक पहुंचाना है। फिल्म का मूल, अनकट वर्जन अंग्रेजी और हिंदी, दोनों भाषाओं में उपलब्ध होगा।

अब देखना दिलचस्प होगा कि कृति और वरुण की आवाज में ‘ऑब्सेशन’ का डर भारतीय दर्शकों को कितना पसंद आता है। फिल्म 30 अक्टूबर से JioHotstar के Peacock Hub पर स्ट्रीम होगी।