‘मॉन्स्टर’ की चर्चा के बीच सलमान खान की ‘मातृभूमि’ का इंतजार लंबा होता जा रहा है। फिल्म को इसी साल अप्रैल में सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना था, लेकिन बड़े पैमाने पर रीशूट के चलते इसकी रिलीज टल गई। इसके बाद से फिल्म की नई रिलीज डेट को लेकर लगातार अटकलें लगती रही हैं। हाल ही में खबर आई कि फिल्म सेंसर बोर्ड तक पहुंच गई है और जल्द ही इसे हरी झंडी मिल सकती है। लेकिन अब सामने आई रिपोर्ट ने सलमान के फैंस की उम्मीदों को एक बार फिर झटका दे दिया है।

कुछ दिनों पहले कई न्यूज पोर्टल्स ने दावा किया था कि अगले हफ्ते ‘मातृभूमि’ की सेंसर बोर्ड के सामने स्क्रीनिंग हो सकती है। इसके बाद मेकर्स फिल्म की नई रिलीज डेट का ऐलान करेंगे। इस खबर से फैंस को उम्मीद जगी कि लंबे इंतजार के बाद अब फिल्म सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।

हालांकि, बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट ने इन दावों पर पानी फेर दिया है। रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया गया है कि फिलहाल ‘मातृभूमि’ की सेंसर स्क्रीनिंग को लेकर कोई नई जानकारी नहीं है। सूत्र के मुताबिक, फिल्म अभी भी चीन से जुड़े एक मामले की वजह से अटकी हुई है।

रिपोर्ट के अनुसार, मेकर्स इस समस्या का समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं और इस सिलसिले में सरकारी अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं। जैसे ही इस मामले का हल निकलता है, सेंसर बोर्ड फिल्म को मंजूरी दे सकता है। इसके बाद ही इसकी रिलीज का रास्ता साफ होगा। हालांकि, इसमें कुछ दिन लगेंगे या कई हफ्ते, या फिर इससे भी ज्यादा समय लगेगा—फिलहाल कुछ साफ नहीं है।

गौरतलब है कि सलमान खान की इस फिल्म का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ रखा गया था। फिल्म की कहानी 2020 में भारत और चीन के बीच गलवान घाटी में हुई हिंसक झड़प से प्रेरित थी। बाद में रक्षा मंत्रालय की आपत्ति के बाद फिल्म से चीन विरोधी माने जाने वाले कई हिस्से हटाए गए और करीब 40 प्रतिशत फिल्म को दोबारा शूट किया गया।

रीशूट के बाद मेकर्स ने फिल्म को इसी साल रिलीज करने का दावा किया था। एक समय ऐसी खबरें भी सामने आई थीं कि ‘मातृभूमि’ को 2027 तक टाला जा सकता है, लेकिन मेकर्स ने इससे इनकार करते हुए इसी साल रिलीज का भरोसा दिया था।

अब हालत ये है कि साल खत्म होने की ओर बढ़ रहा है, लेकिन फिल्म की रिलीज डेट तो दूर, इसकी सेंसर स्क्रीनिंग तक को लेकर कोई पक्की खबर सामने नहीं आई है। ऐसे में सवाल यही है कि सलमान खान की ‘मातृभूमि’ आखिर कब सिनेमाघरों में आएगी?