सैफ अली खान की फिल्म ‘Cocktail’ को रिलीज हुए भले ही 14 साल हो चुके हैं, लेकिन यह फिल्म आज भी उनकी यादगार फिल्मों में गिनी जाती है। दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी के साथ उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी सफल रही थी। लेकिन अब इतने सालों बाद सैफ अली खान ने फिल्म से जुड़ा ऐसा खुलासा किया है, जिसे सुनकर उनके फैंस हैरान हो सकते हैं। अभिनेता ने माना है कि इस फिल्म में गौतम का किरदार निभाना उनकी एक गलती थी।

हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान सैफ ने बताया कि वह खुद इस रोल को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नहीं थे। दरअसल, वह फिल्म के प्रोड्यूसर भी थे और फिल्म को शुरू करने के लिए उन्हें यह जिम्मेदारी निभानी पड़ी। सैफ के मुताबिक, उन्हें पता था कि फिल्म में वेरोनिका का किरदार ज्यादा मजबूत और दिलचस्प है, फिर भी उन्होंने गौतम का रोल स्वीकार कर लिया।

सैफ ने साफ तौर पर कहा कि अगर वह पीछे मुड़कर देखते हैं तो इस फैसले को सही नहीं मानते। उनके मुताबिक, फिल्म की स्क्रिप्ट का चुनाव भी थोड़ा पुराने अंदाज का था। हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि फिल्म बाकी हिस्सों में हल्की-फुल्की और मनोरंजक थी।

‘Cocktail’ में दीपिका पादुकोण ने वेरोनिका का किरदार निभाया था, जो फिल्म की सबसे चर्चित और मजबूत कड़ी बनी। वहीं डायना पेंटी ने मीरा का रोल किया था। तीनों कलाकारों के बीच की केमिस्ट्री और फिल्म की कहानी को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था। फिल्म की कहानी इम्तियाज अली ने लिखी थी और होमी अदजानिया ने इसका निर्देशन किया था।

दिलचस्प बात यह है कि ‘Cocktail’ के 14 साल बाद इसका सीक्वल भी दर्शकों के सामने आया। ‘Cocktail 2’ में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना नजर आए, लेकिन फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। इसे दर्शकों और सोशल मीडिया पर खासा खराब रिस्पॉन्स मिला। इस फिल्म की कहानी लव रंजन ने लिखी थी, जबकि निर्देशन की जिम्मेदारी एक बार फिर होमी अदजानिया ने संभाली थी।

वहीं सैफ अली खान के मौजूदा वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेता इन दिनों ‘हैवान’ को लेकर चर्चा में हैं। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सैफ पहली बार लंबे समय बाद अक्षय कुमार के साथ स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। दोनों की यह जोड़ी 11 सितंबर को सिनेमाघरों में पहुंची है।