83 साल की उम्र में भी अमिताभ बच्चन का जलवा कायम है। फिल्मों से लेकर टीवी के सबसे बड़े रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ तक, बिग बी आज भी उसी जुनून और एनर्जी के साथ काम करते नजर आते हैं। हालांकि, पिछले कुछ दिनों से उनके रिटायरमेंट की खबरों ने फैंस को परेशान कर दिया था। अब खुद अमिताभ बच्चन ने सामने आकर इन खबरों की सच्चाई बता दी है।

अमिताभ बच्चन ने साफ कर दिया है कि फिलहाल उनका काम से रिटायर होने का कोई इरादा नहीं है। दरअसल, उनके एक पुराने ब्लॉग पोस्ट की कुछ लाइनों को लोगों ने रिटायरमेंट के संकेत के तौर पर समझ लिया था। इसके बाद सोशल मीडिया से लेकर मीडिया रिपोर्ट्स तक में बिग बी के रिटायरमेंट की चर्चा शुरू हो गई।

अब अमिताभ बच्चन ने अपने नए ब्लॉग पोस्ट में इस पूरे मामले पर सफाई दी है। उन्होंने रिटायरमेंट की खबर को शेयर करते हुए मजाकिया अंदाज में लिखा कि “जी नहीं हुजूर... मैं काम से रिटायर नहीं हो रहा हूं।” उन्होंने बताया कि अंग्रेजी में उनके लिखे शब्दों का मतलब काम छोड़ना नहीं, बल्कि अब सोने जाने से था।

बिग बी ने आगे समझाया कि उन्होंने अपने ब्लॉग में लिखा था कि काफी देर हो चुकी है और अब रिटायर होने का वक्त आ गया है। उनका इशारा रात काफी हो जाने और सोने जाने की तरफ था। लेकिन लोगों ने इस बात को उनके करियर से जोड़ लिया और उनके रिटायरमेंट की खबर फैल गई।

दरअसल, कुछ दिन पहले अमिताभ बच्चन ने ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के दौरान कंटेस्टेंट्स की निजी और दर्दभरी कहानियां सुनने को लेकर अपनी भावनाएं साझा की थीं। उन्होंने बताया था कि कई बार इन कहानियों का उन पर गहरा असर पड़ता है और अपनी भावनाओं को संभालते हुए शो को होस्ट करना उनके लिए मुश्किल हो जाता है।

इसी भावुक पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि ये अनुभव उनके लिए दिल तोड़ने वाला रहा है और अब वह रिटायर होना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने लिखा था कि काफी देर हो चुकी है और रात उन्हें बुला रही है। बिग बी की इन्हीं बातों को लोगों ने उनके काम से विदाई लेने का संकेत समझ लिया।

रिटायरमेंट की खबर सामने आने के बाद अमिताभ बच्चन के फैंस काफी मायूस हो गए थे। लेकिन अब बिग बी ने खुद साफ कर दिया है कि वह काम से संन्यास नहीं ले रहे हैं। यानी बॉलीवुड के महानायक अभी अपने काम और अपने चाहने वालों का मनोरंजन करते हुए नजर आते रहेंगे।