यशराज फिल्म्स ने अपनी आगामी फिल्म के टाइटल का ऐलान कर दिया है। अहान पांडे और शरवरी स्टारर इस फिल्म का नाम ‘बेपरवाह’ रखा गया है। रोमांस और एक्शन से भरपूर इस फिल्म का निर्देशन अली अब्बास जफर कर रहे हैं, जबकि इसे आदित्य चोपड़ा प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म के टाइटल के साथ इसका टीजर पोस्टर भी जारी किया गया है। खास बात यह है कि फिल्म की रिलीज में अब ठीक पांच महीने का समय बाकी है।

‘सैयारा’ से दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बनाने वाले अहान पांडे पहली बार शरवरी के साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। ऐसे में इस नई जोड़ी को पर्दे पर देखना दिलचस्प होगा। फिल्म के टाइटल और टीजर पोस्टर के सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजरें इसकी कहानी और अगले अपडेट पर रहेंगी।

अली अब्बास जफर की यशराज फिल्म्स में वापसी

‘बेपरवाह’ के साथ निर्देशक अली अब्बास जफर एक बार फिर यशराज फिल्म्स के साथ काम कर रहे हैं। इससे पहले वह प्रोडक्शन हाउस के लिए ‘सुल्तान’ और ‘टाइगर जिंदा है’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। इन फिल्मों में दमदार एक्शन और बड़े पैमाने पर फिल्माए गए सीक्वेंस देखने को मिले थे। ऐसे में ‘बेपरवाह’ में रोमांस और एक्शन का मेल दर्शकों के लिए खास हो सकता है।

फिल्म का निर्माण आदित्य चोपड़ा कर रहे हैं। हालांकि, मेकर्स ने फिलहाल फिल्म की कहानी और किरदारों से जुड़ी ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है। लेकिन रोमांटिक-एक्शन ड्रामा के तौर पर पेश की जा रही इस फिल्म से अहान पांडे और शरवरी की नई जोड़ी को लेकर उत्सुकता बढ़ सकती है।

इस दिन सिनेमाघरों में आएगी ‘बेपरवाह’

यशराज फिल्म्स की ‘बेपरवाह’ दुनिया भर के सिनेमाघरों में 26 मार्च 2027 को रिलीज होगी। फिल्म के टाइटल और टीजर पोस्टर के जरिए मेकर्स ने इसकी रिलीज की उलटी गिनती शुरू कर दी है। अब देखना होगा कि अहान पांडे और शरवरी की यह नई जोड़ी दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाती है और अली अब्बास जफर का निर्देशन इस रोमांटिक-एक्शन ड्रामा को कितना खास बनाता है।