थिएटर में भगवान हनुमान के लिए रिजर्व हुई सीट नंबर 9, जानिए क्या है इसकी वजह?
फिल्म ‘हनुमान अंश’ सिनेमाघरों में दर्शकों के बीच लगातार चर्चा बटोर रही है। नीम करोली बाबा और भगवान हनुमान के प्रति उनके समर्पण पर आधारित इस फिल्म को देखने के दौरान दर्शकों की आस्था भी अलग-अलग रूपों में नजर आ रही है।
फिल्म की स्क्रीनिंग के बीच कुछ थिएटरों में एक खास पहल देखने को मिल रही है। यहां सीट नंबर 9 को भगवान हनुमान के लिए रिजर्व रखा जा रहा है। यानी इस सीट पर किसी दर्शक को बैठने की इजाजत नहीं है। मिराज सिनेमा ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने नीम करोली बाबा के लिए सीट नंबर 9 खाली रखने का फैसला किया है, क्योंकि उनका मानना है कि बाबा अपने भक्तों के साथ बैठकर फिल्म देखेंगे।
इस पहल ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा है। जहां कई लोग थिएटर की इस श्रद्धा को सराह रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स के मन में सवाल है कि आखिर सीट नंबर 9 को ही क्यों चुना गया?
दरअसल, कई हिंदू मान्यताओं और अंक ज्योतिष में अंक 9 का संबंध भगवान हनुमान से जोड़ा जाता है। 9 का संबंध मंगल ग्रह से माना जाता है, जिसे साहस, शक्ति, ऊर्जा और दृढ़ संकल्प का प्रतीक माना जाता है। ये सभी गुण भगवान हनुमान से जुड़े माने जाते हैं। वहीं, हनुमान की पूजा को नकारात्मक ग्रह प्रभावों और खासकर शनि के प्रभाव से बचाव से भी जोड़ा जाता है।
फिल्म की कमाई ने भी लोगों का ध्यान खींचा है। ‘हनुमान अंश’ ने 26 दिनों में भारत में 70 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है। इसकी रफ्तार को देखते हुए फिल्म के जल्द 100 करोड़ क्लब में शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। फिल्म की भारत में सफलता के बाद अब इसे ओवरसीज मार्केट में रिलीज करने की तैयारी है, जिससे नीम करोली बाबा के विदेशी भक्त भी इसे देख सकेंगे।