भारत में नंबर 1, दुनियाभर में भी छाई ‘ऐल्फा’, नेटफ्लिक्स पर बनाया बड़ा रिकॉर्ड
आलिया भट्ट और शर्वरी स्टारर ‘ऐल्फा’ ओटीटी पर भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की इस फिल्म ने नेटफ्लिक्स की ग्लोबल टॉप 10 नॉन-इंग्लिश फिल्मों की लिस्ट में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। वहीं, भारत में फिल्म नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है।
शिव रवैल के निर्देशन और यश राज फिल्म्स के प्रोडक्शन में बनी ‘ऐल्फा’ वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल-लीड स्पाई थ्रिलर है। फिल्म में आलिया और शर्वरी दो एलीट एजेंट्स की भूमिका में हैं, जो एक खतरनाक और हाई-स्टेक्स मिशन पर निकलती हैं। फिल्म में बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम किरदारों में नजर आते हैं।
फिल्म को दर्शकों से इसके एक्शन, बड़े पैमाने पर फिल्माए गए सीन्स और आलिया-शर्वरी की फ्रेश जोड़ी के लिए अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने के बाद ‘ऐल्फा’ ने भारत के साथ-साथ कई इंटरनेशनल मार्केट्स में भी टॉप 10 में जगह बनाई है।
फिल्म की ग्लोबल लोकप्रियता वाईआरएफ स्पाई यूनिवर्स के लिए भी अच्छी खबर है। ‘ऐल्फा’ की ओटीटी पर मजबूत पकड़ इस बात का संकेत है कि यह फ्रेंचाइज़ी अब भारत के साथ-साथ दुनियाभर के दर्शकों के बीच भी अपनी पहुंच लगातार बढ़ा रही है।