अमिताभ बच्चन के क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' में सैफ अली खान और अक्षय कुमार अपनी फिल्म 'हैवान' के प्रमोशन के लिए पहुंचे। शो के दौरान अमिताभ ने सैफ के साथ अपने दिलचस्प फैमिली कनेक्शन का खुलासा किया।

अमिताभ ने बताया कि राज कपूर की बेटी रितु नंदा के बेटे निखिल नंदा की शादी उनकी बेटी श्वेता बच्चन से हुई है। वहीं, निखिल नंदा करीना कपूर की बुआ के बेटे हैं। इस रिश्ते के चलते श्वेता नंदा, सैफ अली खान की सरहज यानी साले की पत्नी लगती हैं।

अमिताभ ने मजाकिया अंदाज में सैफ से पूछा कि इस उलझे रिश्ते के हिसाब से करीना उन्हें क्या कहकर बुलाएंगी? सैफ ने हंसते हुए जवाब दिया, “शुक्र है कि ये गेम का सवाल नहीं है।” उनके जवाब पर सभी हंस पड़े।

बता दें कि करीना की बहन करिश्मा कपूर की कभी अभिषेक बच्चन से सगाई हुई थी, लेकिन बाद में रिश्ता टूट गया। करिश्मा ने संजय कपूर से शादी की, जबकि अभिषेक ने ऐश्वर्या राय से शादी की। अमिताभ और सैफ 'एकलव्य' और 'आरक्षण' में साथ काम कर चुके हैं, वहीं अमिताभ करीना और करिश्मा के साथ भी फिल्मों में नजर आए हैं।