अमित साध की ‘प्रताप’ का नया गाना ‘मैं वापस आऊंगा’ रिलीज, प्यार और इंतजार की कहानी कहता है गीत
प्यार, यादें और किसी अपने के लौटने का इंतजार... कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं, जिनकी गहराई दूरियां भी कम नहीं कर पातीं। इसी भावनात्मक जुड़ाव को अपनी कहानी में पिरोते हुए अमित साध और ईशा देओल स्टारर फिल्म ‘प्रताप’ के मेकर्स नया गाना ‘मैं वापस आऊंगा’ लेकर आए हैं। 4 नवंबर, 2026 को रिलीज हुआ यह गाना अपने भावपूर्ण संगीत और दिल को छूने वाले बोलों के जरिए फिल्म के एक अलग ही पहलू को सामने लाता है।
शाश्वत सिंह और प्रतिज्ञा की आवाज में सजे इस गाने का संगीत अफजलाली ने तैयार किया है। ‘मैं वापस आऊंगा’ उन भावनाओं को आवाज देता है, जिनमें किसी का इंतजार करना, पुरानी यादों को संजोना और एक दिन फिर मिलने की उम्मीद शामिल है। यह गीत दो लोगों के बीच के गहरे रिश्ते और एक ऐसे वादे को दर्शाता है, जो मुश्किल परिस्थितियों और लंबी दूरियों के बावजूद टूटता नहीं है।
गाने को लेकर अमित साध ने कहा कि ‘मैं वापस आऊंगा’ एक ऐसी भावना को दर्शाता है, जो व्यक्तिगत होने के साथ-साथ हर इंसान के दिल को छू सकती है। उनके मुताबिक, किसी वादे को निभाने और वापसी की उम्मीद के सहारे जीने का एहसास बेहद खास होता है। यह गाना फिल्म के उस संवेदनशील पक्ष को उजागर करता है, जिसे दर्शक इसके किरदारों के जरिए महसूस कर सकेंगे।
वहीं, गायक शाश्वत सिंह ने बताया कि इस गाने में प्यार, यादों और उम्मीदों को बेहद खूबसूरती से पिरोया गया है। उन्होंने अपनी आवाज के जरिए इंतजार की बेचैनी और रिश्तों में बने रहने वाले अपनापन को व्यक्त करने की कोशिश की है। उन्हें उम्मीद है कि श्रोता इस गाने से जुड़ी भावनाओं को अपने जीवन के अनुभवों से जोड़ पाएंगे।
सचिन सराफ के निर्देशन और लेखन में बनी ‘प्रताप’ की कहानी प्रताप रानाडे नाम के एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की जिंदगी पर आधारित है। अमित साध इस मुख्य किरदार को निभा रहे हैं। कहानी में दिलचस्प मोड़ तब आता है, जब एक सम्मानित पुलिस अधिकारी को खुद जेल की सलाखों के पीछे पहुंचना पड़ता है। फिल्म में अमित साध के अलावा ईशा देओल, सीमा बिस्वास, तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुणाजी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यूवी फिल्म्स के बैनर तले प्रदीप रंगवानी द्वारा निर्मित यह फिल्म कर्तव्य, वफादारी, व्यक्तिगत फैसलों और उनकी जवाबदेही जैसे गंभीर मुद्दों को छूती है। ‘मैं वापस आऊंगा’ के जरिए मेकर्स ने फिल्म की कहानी के भावनात्मक पक्ष की झलक दिखाई है, जो इसके किरदारों के रिश्तों और उनकी निजी जिंदगी से दर्शकों को जोड़ने का काम करता है।
अमित साध स्टारर ‘प्रताप’ 20 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।