20 साल बाद फिर लौटेंगे मुन्ना और सर्किट? राजकुमार हिरानी की 'मुन्ना भाई 3' पर आया बड़ा अपडेट, 2027 में शुरू होगी शूटिंग!
बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा फिल्म फ्रेंचाइजी में से एक 'मुन्ना भाई' की तीसरी किस्त को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। संजय दत्त और अरशद वारसी की मशहूर जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौट सकती है। Variety India की रिपोर्ट के मुताबिक, निर्देशक राजकुमार हिरानी की अपकमिंग फिल्म 'मुन्ना भाई 3' की स्क्रिप्ट लिखने की जिम्मेदारी लेखक फरहाद सामजी को सौंपी गई है। खास बात यह है कि सामजी का इस फ्रेंचाइजी से नाता काफी पुराना रहा है और इसकी शुरुआत पहली फिल्म 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' से ही हो गई थी।
दरअसल, फरहाद सामजी ने साल 2003 में आई 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' के लोकप्रिय गाने 'एम बोले तो...' का शुरुआती मुखड़ा लिखा था। एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि इस गाने के लिए उन्हें रात करीब 10 बजे संगीतकार अनु मलिक का फोन आया था। अनु मलिक ने उनसे अगले दिन राजकुमार हिरानी और निर्माता विधु विनोद चोपड़ा के साथ होने वाले म्यूजिक सेशन के लिए गाने का मुखड़ा तैयार करने को कहा था।
उस वक्त फिल्म में मुन्ना भाई के किरदार के लिए शाहरुख खान के नाम पर विचार किया जा रहा था। ऐसे में गाने को इस तरह तैयार करना था कि किरदार की टपोरी भाषा और शाहरुख खान की पर्दे पर बनी इमेज के बीच सही तालमेल बैठ सके। हालांकि, बाद में यह किरदार संजय दत्त को मिला और वह मुन्ना भाई के रूप में दर्शकों के दिलों में बस गए। वहीं, 'एम बोले तो...' भी फिल्म की पहचान बन गया।
राजकुमार हिरानी को चाहिए थी फ्रेंचाइजी के लिए नई आवाज
राजकुमार हिरानी पहले ही 'मुन्ना भाई 3' को लेकर संकेत दे चुके हैं कि फिल्म पर काम चल रहा है। हालांकि, उनका साफ कहना रहा है कि जब तक कहानी से वह पूरी तरह संतुष्ट नहीं होंगे, तब तक फिल्म को आगे नहीं बढ़ाएंगे। बताया जा रहा है कि इसी वजह से उन्होंने फरहाद सामजी को इस प्रोजेक्ट से जोड़ा है। हिरानी फ्रेंचाइजी के लिए एक नई रचनात्मक आवाज चाहते थे।
फरहाद सामजी भी कई मौकों पर राजकुमार हिरानी को अपना आदर्श बता चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया है कि शुरुआती दिनों में हिरानी से उन्हें काफी प्रोत्साहन मिला था। दोनों का पेशेवर जुड़ाव 'मुन्ना भाई' के अलावा दूसरे प्रोजेक्ट्स तक भी रहा है।
2027 में शुरू हो सकती है शूटिंग
गौरतलब है कि साल 2003 में रिलीज हुई 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' में संजय दत्त ने मुन्ना और अरशद वारसी ने सर्किट का किरदार निभाया था। दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने इतना पसंद किया कि साल 2006 में इसका दूसरा पार्ट 'लगे रहो मुन्ना भाई' रिलीज हुआ। इस फिल्म में मुन्ना भाई की कहानी को गांधीवादी विचारों और सिद्धांतों से जोड़ा गया था।
इसके बाद से ही दर्शक तीसरे पार्ट का इंतजार कर रहे हैं। अब रिपोर्ट के मुताबिक, फरहाद सामजी जल्द ही फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी कर सकते हैं और मेकर्स की योजना 2027 में इसकी शूटिंग शुरू करने की है। हालांकि, फिल्म की आधिकारिक कास्ट और शूटिंग शेड्यूल को लेकर अभी औपचारिक घोषणा का इंतजार है।