रणबीर कपूर की ‘राम’ वाली कास्टिंग पर फिर उठे सवाल, रामानंद सागर के पोते बोले- ‘वो राम से ज्यादा कृष्ण लगते हैं’
रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ इन दिनों लगातार चर्चा में है। हाल ही में फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ रिलीज हुआ, जिसमें रणबीर और साई पल्लवी राम-सीता के किरदार में नजर आए। गाने के विजुअल्स और कलाकारों के लुक ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
हालांकि, रणबीर कपूर की भगवान राम के रूप में कास्टिंग को लेकर अब भी अलग-अलग राय सामने आ रही हैं। रामानंद सागर की चर्चित टीवी सीरीज ‘रामायण’ से जुड़े उनके पोते शिव सागर ने भी इस कास्टिंग को लेकर अपनी राय रखी है। उनका कहना है कि रणबीर की पर्सनैलिटी उन्हें भगवान राम से ज्यादा भगवान कृष्ण के किरदार के लिए उपयुक्त लगती है।
वैरायटी इंडिया से बातचीत में शिव सागर ने कहा कि उनकी नजर में भगवान राम ‘मर्यादा पुरुषोत्तम’ हैं, जिनके व्यक्तित्व में गरिमा, संयम, अनुशासन और शांति दिखाई देती है। वहीं, वह भगवान कृष्ण को चंचल और शरारती व्यक्तित्व से जोड़कर देखते हैं।
शिव सागर ने साफ किया कि उनकी बात रणबीर कपूर की अभिनय क्षमता पर टिप्पणी नहीं है। उनके मुताबिक, रणबीर में ऐसे गुण हैं जो उन्हें कृष्ण जैसे किरदार के लिए बेहद प्रभावी बना सकते हैं, लेकिन भगवान राम की उनकी व्यक्तिगत कल्पना एक गंभीर, संयमी और भीतर से शांत व्यक्तित्व की है।
दिलचस्प बात यह है कि शिव सागर का कपूर परिवार से पुराना रिश्ता भी रहा है। उन्होंने बताया कि रणबीर के परदादा पृथ्वीराज कपूर ने उनके दादा रामानंद सागर को बतौर लेखक इंडस्ट्री में काम दिलाने में मदद की थी। उनकी बहन ने रणबीर और आलिया भट्ट का घर भी डिजाइन किया है। ऐसे में कपूर परिवार के साथ उनका पुराना जुड़ाव रहा है।
बात करें ‘रामायण’ की तो नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही यह फिल्म दो हिस्सों में रिलीज होगी। फिल्म में रणबीर कपूर राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, रवि दुबे लक्ष्मण और सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे। पहला पार्ट नवंबर 2026 में रिलीज होने वाला है।