67 साल की नीना गुप्ता आज भी अपनी बेबाकी और स्टाइल को लेकर चर्चा में रहती हैं। फिल्मों और वेब सीरीज में अपने दमदार काम के अलावा एक्ट्रेस अक्सर अपने बोल्ड अंदाज से भी सुर्खियां बटोरती हैं। कुछ समय पहले उनकी एक तस्वीर वायरल हुई थी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी प्रेग्नेंसी को लेकर अफवाहें फैलने लगी थीं।

दरअसल, नीना गुप्ता हैदराबाद में रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा के शादी के रिसेप्शन में पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने साड़ी पहनी थी और साड़ी की प्लीट्स की वजह से उनके पेट के आसपास हल्का उभार नजर आया। तस्वीरें सामने आते ही कुछ लोगों ने दावा करना शुरू कर दिया कि एक्ट्रेस प्रेग्नेंट हैं।

अब नीना ने एक बार फिर इस अफवाह पर खुलकर बात की है। न्यूज18 को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि इस तरह की खबरों से वह काफी परेशान हो गई थीं। उनके मुताबिक, साड़ी का कपड़ा थोड़ा मोटा था और प्लीट्स कुछ इस तरह बन गई थीं कि पेट के ऊपर उभार दिखाई देने लगा। इसके बाद लोगों ने उनकी प्रेग्नेंसी की बातें शुरू कर दीं।

हालांकि, बाद में नीना ने इस पूरे मामले को मजाक में लेना शुरू कर दिया। उन्होंने बताया कि जो भी उनसे प्रेग्नेंसी को लेकर सवाल करता, वह मजाक में कह देती थीं कि हां, वह प्रेग्नेंट हैं। एक्ट्रेस ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि अगर 70 साल की उम्र में कोई महिला जुड़वां बच्चों को जन्म दे सकती है, तो शायद उनके पास भी अभी मौका है।

नीना गुप्ता अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रही हैं। उन्होंने अपनी बेटी मसाबा गुप्ता की परवरिश सिंगल मदर के तौर पर की। मसाबा, वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिकेटर विव रिचर्ड्स और नीना गुप्ता की बेटी हैं। नीना पहले भी कई मौकों पर अपनी बेटी की परवरिश और सिंगल मदर के तौर पर अपने सफर के बारे में बात कर चुकी हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो नीना गुप्ता हाल ही में नेटफ्लिक्स की कॉमेडी सीरीज ‘चुंबक’ में नजर आई हैं। इस फैमिली कॉमेडी शो का निर्देशन ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ फेम आतिश कपाड़िया ने किया है। सीरीज में सुमित राघवन, अर्जुन बिजलानी और देवेन भोजानी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।