रणवीर सिंह की फिल्म की शूटिंग के लिए क्रिकेट मैच टालने पड़े, आखिर किसकी अनुमति से हुआ ये सब?
बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह की अपकमिंग फिल्म 'प्रलय' रिलीज से पहले विवादों में घिर गई है। मुंबई के ऐतिहासिक आजाद मैदान में फिल्म की शूटिंग की अनुमति मिलने से मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ने नाराजगी जताई है। एसोसिएशन का आरोप है कि शूटिंग के चलते अंडर-14 और अंडर-16 इंटरस्कूल क्रिकेट मैचों को टालना पड़ा, जिससे युवा खिलाड़ियों की क्रिकेट गतिविधियां प्रभावित हुईं।
मुंबई मिरर की रिपोर्ट के मुताबिक, महाराष्ट्र सरकार के खेल विभाग ने फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी लाइट रेज को आजाद मैदान की 5 हजार वर्ग गज जमीन पर छह घंटे शूटिंग की अनुमति दी थी। इसके लिए 40 हजार रुपये किराया और 40 हजार रुपये रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट लिया गया था। शूटिंग के लिए मैदान पर बड़े सेट तैयार किए गए और आर्टिफिशियल घास भी बिछाई गई।
MCA की एपेक्स काउंसिल के सदस्य नदीम मेमन ने इस फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि आजाद मैदान फिल्म शूटिंग की जगह नहीं, बल्कि क्रिकेट का मैदान है, जहां युवा खिलाड़ी अपने भविष्य के लिए मेहनत करते हैं। उन्होंने पूछा कि शूटिंग की वजह से टूर्नामेंट प्रभावित हुए, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
एसोसिएशन ने इस मामले में डिप्टी डायरेक्टर ऑफ स्पोर्ट्स को पत्र लिखकर अपनी आपत्ति भी दर्ज कराई है। MCA का कहना है कि खेल गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होने वाले मैदान को कमर्शियल शूटिंग के लिए उपलब्ध कराना उचित नहीं है।
बता दें कि 'प्रलय' एक पोस्ट-अपोकैलिप्टिक सर्वाइवल थ्रिलर फिल्म है, जिसका निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं। फिल्म में रणवीर सिंह के साथ कल्याणी प्रियदर्शन भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।