'रामायणम्' पर सलमान खान का बड़ा बयान, बोले- 4000 करोड़ और VFX नहीं, रामायण की बात होनी चाहिए
रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायणम्' रिलीज के बाद से ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म की भव्यता, स्टारकास्ट और शानदार विजुअल्स को लेकर दर्शकों के बीच काफी चर्चा हो रही है। वहीं, फिल्म के 4000 करोड़ रुपये के कथित बजट और VFX की भी खूब बातें हो रही हैं। अब बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि 'रामायणम्' की चर्चा उसके बजट और VFX के बजाय इसकी कहानी और किरदारों पर होनी चाहिए।
दरअसल, सलमान खान हाल ही में अपनी आने वाली फिल्म 'मातृभूमि' के एक इवेंट में पहुंचे थे। यहां मीडिया से बातचीत के दौरान उनसे 'रामायणम्' को लेकर सवाल किया गया। इस पर अभिनेता ने कहा कि फिल्म के 4000 करोड़ रुपये के बजट और VFX को लेकर लगातार चर्चा करना सही नहीं है। उनके मुताबिक, लोगों को फिल्म की असली विषयवस्तु यानी राम, रावण, सीता और दूसरे किरदारों पर बात करनी चाहिए।
सलमान ने कहा, "ये नरेटिव कि 4000 करोड़, VFX-VFX... मुझे लगता है कि यह सही नहीं है। रामायणम् की चर्चा रामायणम् पर ही होनी चाहिए- राम, रावण, सीता और बाकी किरदार। रामायणम् मूवी की बात करनी है तो रामायणम् पर ही करो, ना कि इसके खर्च और VFX पर। राम के ऊपर बात करो, उसकी क्वालिटी पर।"
'मातृभूमि' में राम जैसे किरदार में दिखेंगे सलमान खान
इसी बातचीत के दौरान सलमान खान ने अपनी फिल्म 'मातृभूमि' में निभाए जा रहे किरदार के बारे में भी बात की। अभिनेता ने अपने किरदार की तुलना भगवान राम से करते हुए कहा कि फिल्म में उनका किरदार एक बेहतरीन बेटा, पति और पिता है। यानी सलमान के मुताबिक, उनका किरदार राम के व्यक्तित्व की कुछ खूबियों को दर्शाता है।
4 दिसंबर को रिलीज होगी 'मातृभूमि'
सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' लंबे समय से अपनी रिलीज डेट को लेकर चर्चा में थी। अब आखिरकार फिल्म की रिलीज का ऐलान हो गया है। अपूर्व लखिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसमें सलमान खान के साथ पहली बार चित्रांगदा सिंह की जोड़ी देखने को मिलेगी। फिल्म के ट्रेलर का दर्शकों को इंतजार है।