भले ही 'रामायण' के ट्रेलर और गानों को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार आलोचना हो रही थी, लेकिन जब फिल्म के रिव्यू की बारी आई तो कहानी कुछ अलग ही नजर आई। विदेश में फिल्म देखने वाले कई फिल्म क्रिटिक्स ने इसकी तारीफ की। वहीं, भारत में भी जाने-माने फिल्म क्रिटिक तरण आदर्श ने 'रामायण' को 5 में से 5 स्टार देकर परफेक्ट बता दिया।

लेकिन इन तारीफों के बावजूद रणबीर कपूर की 'रामायण' एडवांस बुकिंग के मामले में रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' से काफी पीछे चल रही है। आखिर इसकी वजह क्या है?

दरअसल, रिव्यू और एडवांस बुकिंग दोनों अलग-अलग चीजें हैं। क्रिटिक्स की तारीफ के बावजूद दर्शकों का सिनेमाघरों तक पहुंचना कई बातों पर निर्भर करता है। फिल्म को लेकर शुरुआती उत्साह, ट्रेलर और गानों से बना प्रभाव और दर्शकों के बीच पैदा हुई चर्चा भी टिकटों की बिक्री पर असर डालती है।

रैंडम सिने मूड के आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज से दो दिन पहले तक 'रामायण' के BookMyShow पर करीब 5.23 लाख टिकट बिके थे, जबकि इसी समय तक 'धुरंधर 2' के लगभग 11 लाख टिकट बिक चुके थे। वहीं, 'रामायण' की पहले दिन की एडवांस बुकिंग से करीब 24 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई हुई, जबकि 'धुरंधर 2' ने 50 करोड़ रुपये से ज्यादा का आंकड़ा छुआ था।

'रामायण' की फाइनल एडवांस बुकिंग 32 से 37 करोड़ रुपये के बीच रहने का अनुमान है। यानी करीब 4,000 करोड़ रुपये के बजट वाली फिल्म फिलहाल रणवीर सिंह की फिल्म के एडवांस बुकिंग रिकॉर्ड से काफी पीछे है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या फिल्म रिलीज के बाद दर्शकों की तारीफ और वर्ड ऑफ माउथ के दम पर इस अंतर को कम कर पाती है या फिर 2026 की बॉक्स ऑफिस बादशाहत 'धुरंधर 2' के पास ही रहती है।