रिलीज से पहले विवादों में सिद्धार्थ-तमन्ना की ‘द वन’, सिंगर ने लगाया गाना चोरी करने का आरोप
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की आगामी फिल्म ‘द वन’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिरती नजर आ रही है। फिल्म के ट्रेलर में इस्तेमाल किए गए ‘ऐगिरि नंदिनी’ गाने को लेकर इंडिपेंडेंट सिंगर सरगम वैश ने मेकर्स पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि फिल्म की टीम ने उनकी अनुमति के बिना उनके गाने का इस्तेमाल किया है।
सरगम वैश ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए अपनी बात रखी है। सिंगर के मुताबिक, वह पिछले करीब तीन साल से इस प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं और उनके गाने की रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल ‘द वन’ के ट्रेलर में उनकी इजाजत के बिना किया गया। उन्होंने मेकर्स से ट्रेलर और फिल्म से गाना हटाने की मांग की है। साथ ही कहा है कि अगर ऐसा नहीं किया गया, तो उनकी कानूनी टीम मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।
सरगम ने अपने आरोपों के समर्थन में ट्रेलर का एक खास हिस्सा भी दिखाया। उनका कहना है कि ट्रेलर में करीब 25 सेकेंड तक उनके गाने की रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने दावा किया कि इसमें उनकी मास्टर फाइल, प्रोडक्शन और वोकल रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल हुआ है।
सिंगर ने यह भी बताया कि उन्होंने इस गाने को लेकर एक बड़े म्यूजिक लेबल के साथ डील साइन कर रखी है। ऐसे में अगर इस इस्तेमाल की वजह से उनके मूल प्रोजेक्ट या उस डील पर कोई असर पड़ता है, तो इसकी जिम्मेदारी फिल्म की टीम की होगी। इसी वजह से उन्होंने ‘द वन’ के मेकर्स से गाना हटाने की अपील करते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सरगम वैश के इस वीडियो पर सीबीएफसी सदस्य और संगीतकार रिकी केज ने भी सवाल पूछा। उन्होंने जानना चाहा कि जब गाना अभी आधिकारिक तौर पर रिलीज ही नहीं हुआ था, तो फिल्म की टीम तक उनकी मास्टर रिकॉर्डिंग कैसे पहुंची। इसके जवाब में सरगम ने बताया कि यह गाना पहले ही एक दूसरी बड़ी फिल्म के लिए दिया जा चुका था, लेकिन वह प्रोजेक्ट अभी रिलीज नहीं हुआ था। उनके मुताबिक, किसी दूसरे माध्यम से यह रिकॉर्डिंग ‘द वन’ की टीम तक पहुंची और मूल प्रोजेक्ट से पहले ही इसका इस्तेमाल कर लिया गया।
सरगम के आरोपों के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कुछ यूजर्स ने सिंगर को ट्रेलर के खिलाफ कॉपीराइट कार्रवाई करने की सलाह दी है। हालांकि, अब तक ‘द वन’ के मेकर्स की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
गौर करने वाली बात यह है कि हाल ही में इसी तरह का विवाद ‘मिर्जापुर द मूवी’ को लेकर भी सामने आया था। रैपरिया बालम ने आरोप लगाया था कि उनकी अनुमति के बिना उनके स्वतंत्र गाने ‘शूरवीर’ का फिल्म में इस्तेमाल किया गया। उन्होंने इस मामले में फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी को कानूनी नोटिस भेजने की बात भी कही थी।
ऐसे में अब ‘द वन’ के गाने को लेकर सामने आया विवाद एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों के काम, अनुमति और क्रेडिट से जुड़े सवाल खड़े कर रहा है। हालांकि, इस पूरे मामले में अंतिम तस्वीर फिल्म के मेकर्स की प्रतिक्रिया सामने आने के बाद ही साफ होगी।