बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी भरा फोन आया है। फोन करने वाले ने खुद को गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताते हुए अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की मांग की। हालांकि, मुंबई पुलिस की शुरुआती जांच में इस कॉल को लेकर संदेह जताया गया है। पुलिस को शक है कि किसी ने गैंग के नाम का इस्तेमाल कर तुषार कपूर को डराने की कोशिश की है।

न्यूज एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, तुषार कपूर ने इस धमकी की जानकारी मुंबई पुलिस को दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की। इसके बाद आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से किया गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आवाजों में समानता नहीं मिली। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि यह किसी शख्स की तरफ से किया गया फर्जी कॉल हो सकता है। फिलहाल पुलिस उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसने यह धमकी भरा ऑडियो भेजा था।

पहले भी बॉलीवुड सितारों को निशाना बनाने के आरोप

गौरतलब है कि हैरी बॉक्सर का नाम इससे पहले भी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को धमकी देने के मामलों में सामने आ चुका है। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, हैरी ने अभिनेता रणवीर सिंह के मैनेजर को कथित तौर पर वॉइस नोट भेजकर 10 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। रकम नहीं देने पर रणवीर और उनके स्टाफ को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

इसके अलावा, फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना की जिम्मेदारी भी कथित तौर पर हैरी बॉक्सर और लॉरेंस गैंग से जुड़े लोगों ने एक वॉइस नोट के जरिए ली थी।

पंजाबी गायक गुरु रंधावा को भी धमकी मिलने की खबरें सामने आई थीं। सोशल मीडिया पर वायरल एक कथित ऑडियो में दावा किया गया था कि सलमान खान से उनकी नजदीकियों के चलते दिल्ली स्थित उनके जिम पर फायरिंग करवाई गई। वहीं, कॉमेडियन कपिल शर्मा का नाम भी गैंग से जुड़ी धमकियों के मामलों में सामने आ चुका है। कनाडा में उनके कैफे के बाहर फायरिंग की घटनाएं हुई थीं।

कौन हैं तुषार कपूर?

तुषार कपूर दिग्गज अभिनेता जितेंद्र और फिल्म प्रोड्यूसर शोभा कपूर के बेटे हैं। उनकी बहन एकता कपूर मनोरंजन जगत की जानी-मानी निर्माता हैं। तुषार ने साल 2001 में करीना कपूर के साथ फिल्म 'मुझे कुछ कहना है' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। यह फिल्म सफल रही और उन्हें बेस्ट मेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला।

इसके बाद उन्होंने 'क्या दिल ने कहा', 'जीना सिर्फ मेरे लिए' और 'ये दिल' जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता 'गोलमाल' और 'क्या कूल हैं हम' जैसी कॉमेडी फिल्मों से मिली। 'शोर इन द सिटी' में उनके अभिनय को भी काफी सराहना मिली।

फिल्मों के अलावा तुषार वेब सीरीज में भी काम कर चुके हैं। साल 2021 में उन्होंने अपनी किताब 'बैचलर डैड' के जरिए सिंगल पिता बनने का अनुभव साझा किया था। तुषार ने शादी नहीं की है और जून 2016 में सरोगेसी के जरिए बेटे लक्ष्य के पिता बने थे।