अजय देवगन और अक्षय कुमार स्टारर कॉमेडी फिल्म ‘गोलमाल 5’ को लेकर लंबे समय से फैंस के बीच उत्सुकता बनी हुई है। अब मेकर्स ने इस बहुप्रतीक्षित फिल्म की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनने वाली ‘गोलमाल 5’ अगले साल 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

डायरेक्टर रोहित शेट्टी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर फिल्म की रिलीज डेट की जानकारी दी। उन्होंने अपने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “हंसी, मस्ती, खुशी और परिवार... बस, इसके अलावा कुछ नहीं।” रिलीज डेट सामने आने के बाद फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है।

‘गोलमाल 5’ में अजय देवगन एक बार फिर गोपाल के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ अरशद वारसी, तुषार कपूर, कुणाल खेमू और श्रेयस तलपड़े भी फ्रेंचाइजी में वापसी कर रहे हैं। खास बात यह है कि शर्मन जोशी भी ‘गोलमाल’ की दुनिया में वापस लौट रहे हैं। वह आखिरी बार 2006 में आई पहली फिल्म ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ में नजर आए थे।

वहीं, इस बार फ्रेंचाइजी में अक्षय कुमार की भी एंट्री होने जा रही है। मेकर्स पहले ही पुष्टि कर चुके हैं कि अक्षय फिल्म का हिस्सा होंगे और वह ‘गोलमाल’ गैंग के साथ एक नए चेहरे के तौर पर दिखाई देंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रियामणि भी फिल्म में अहम भूमिका निभा सकती हैं और उनके किरदार को संभावित खलनायक के तौर पर बताया जा रहा है।

‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2006 में ‘गोलमाल: फन अनलिमिटेड’ से हुई थी। इसके बाद ‘गोलमाल रिटर्न्स’, ‘गोलमाल 3’ और ‘गोलमाल अगेन’ रिलीज हुईं। 2017 में आई ‘गोलमाल अगेन’ में कॉमेडी के साथ हॉरर का भी तड़का लगाया गया था और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था।

फ्रेंचाइजी की लोकप्रियता को देखते हुए इसके एक स्पिन-ऑफ ‘सर्कस’ को भी बनाया गया था, जिसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में थे। यह फिल्म 2022 में रिलीज हुई थी।

अजय देवगन की बात करें तो वह आने वाले समय में ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ में नजर आएंगे। अभिषेक पाठक के निर्देशन में बनने वाली यह फिल्म ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की आखिरी किस्त बताई जा रही है और 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसके अलावा अजय के पास ‘रेंजर’ और ‘चौहान’ जैसी फिल्में भी हैं।

वहीं अक्षय कुमार हाल ही में सैफ अली खान के साथ एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘हैवान’ में नजर आए हैं। अब ‘गोलमाल 5’ में अक्षय कुमार की एंट्री ने इस लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ा दी है।