महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हाल ही में अपनी मुंबई स्थित आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ में फिल्म ‘हनुमान अंश’ की टीम से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने फिल्म की बॉक्स ऑफिस सफलता के लिए निर्देशक और पूरी टीम को बधाई दी। खास बात यह है कि रिलीज के छह हफ्ते से ज्यादा समय बाद भी फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों को आकर्षित कर रही है।

देवेंद्र फडणवीस ने इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा किया। उन्होंने बताया कि ‘हनुमान अंश’ की टीम ‘वर्षा’ पहुंची और गणपति बप्पा का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने फिल्म के निर्माता-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और उनकी पूरी टीम के काम की सराहना करते हुए उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स के लिए भी शुभकामनाएं दीं।

करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में तैयार हुई ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से कहीं ज्यादा बड़ा प्रदर्शन किया है। आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित यह फिल्म दर्शकों के बीच धीरे-धीरे अपनी मजबूत पकड़ बनाने में कामयाब रही और अब इसे एक सरप्राइज हिट के तौर पर देखा जा रहा है।

फिल्म के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो 43 दिनों में ‘हनुमान अंश’ ने भारत में करीब 293.30 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है। वहीं विदेशी बाजार से फिल्म ने लगभग 23 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार किया। इस तरह फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 316.30 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

‘हनुमान अंश’ एक बायोग्राफिकल भक्ति ड्रामा है, जिसे डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने लिखा, निर्देशित और निर्मित किया है। फिल्म उनकी किताब ‘डिवाइन डिटूर: दैट चेंज्ड माई लाइफ’ पर आधारित ट्रिलॉजी का पहला हिस्सा है। इस सीरीज के जरिए नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक यात्रा को पर्दे पर पेश किया जा रहा है।

फिल्म की लगातार बॉक्स ऑफिस सफलता के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से टीम की मुलाकात ‘हनुमान अंश’ के सफर में एक और खास उपलब्धि के तौर पर सामने आई है।