सलमान खान के फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। बॉलीवुड के दबंग स्टार एक बार फिर IIFA के मंच पर अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं। सलमान खान IIFA 2027 में खास अंदाज में नजर आएंगे और अपनी शानदार परफॉर्मेंस से इस समारोह की रौनक बढ़ाएंगे।

IIFA के साथ सलमान खान का रिश्ता काफी पुराना रहा है। उन्होंने इस मंच पर कई बार अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों का मनोरंजन किया है। अब IIFA 2027 में उनकी वापसी को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है।

IIFA में अपनी वापसी को लेकर सलमान खान ने कहा कि IIFA और उनका रिश्ता बहुत पुराना है। उन्होंने बताया कि वह इस सफर का हिस्सा शुरुआती दौर से ही रहे हैं और जब भी IIFA की ओर से उन्हें बुलावा आता है, तो उनके लिए यह खास एहसास होता है। उनके मुताबिक, IIFA सिर्फ एक पुरस्कार समारोह नहीं, बल्कि भारतीय फिल्मों, फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों और उन दर्शकों के प्यार का जश्न है, जिन्होंने सिनेमा को इतना प्यार दिया है।

सलमान ने अबू धाबी को लेकर भी अपनी खास भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने IIFA के लिए कई सालों तक परफॉर्म किया है, लेकिन अबू धाबी लौटने का अनुभव हमेशा अलग होता है। इस शहर के साथ उनका गहरा जुड़ाव है और यहां से उनकी कई खास यादें जुड़ी हुई हैं।

सलमान ने यह भी कहा कि यास आइलैंड अब IIFA के लिए एक खूबसूरत घर जैसा बन चुका है। उनके मुताबिक, जब वह मंच पर कदम रखते हैं, तो वहां मौजूद दर्शकों की ऊर्जा को महसूस किया जा सकता है।

सलमान ने आगे कहा कि पिछले कुछ वर्षों में IIFA के साथ मिलकर जो कुछ बनाया गया है, उसके बाद वह एक बार फिर मंच पर लौटने, परफॉर्म करने, मस्ती करने और सभी के साथ भारतीय सिनेमा का जश्न मनाने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि IIFA 2027 भी एक बड़ा समारोह होने वाला है और वह इसका हिस्सा बनकर खुश हैं।

सलमान खान की IIFA में वापसी इसलिए भी खास है क्योंकि अभिनेता का इस अवॉर्ड समारोह के साथ लंबे समय से जुड़ाव रहा है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि IIFA 2027 के मंच पर सलमान खान किस अंदाज में परफॉर्म करते हैं और अपने डांस से दर्शकों का कितना मनोरंजन करते हैं।