गीतकार और स्क्रीनराइटर मनोज मुंतशिर अक्सर अपने बेबाक बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। अब उन्होंने ‘वंदे मातरम’ को लेकर चल रहे विवाद पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए पहुंचे मनोज मुंतशिर ने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ‘वंदे मातरम’ को पूरा गाया जाना चाहिए।

मनोज मुंतशिर ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता को ऐसी चीजों से बचना चाहिए और ‘वंदे मातरम’ को उसके पूरे रूप में गाया जाना चाहिए। उनका कहना था कि इस गीत को सिर्फ चुनिंदा हिस्सों तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए।

‘वंदे मातरम’ को सार्वजनिक कार्यक्रमों में केवल दो छंदों तक गाए जाने को लेकर चल रही बहस पर मनोज ने देश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान उसकी परंपराओं और पूर्वजों से जुड़ी हुई है। इसी दौरान उन्होंने शिवाजी और गुरु नानक का भी उल्लेख किया और कहा कि देश की विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी है।

मनोज मुंतशिर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी तारीफ की। उनसे जब पूछा गया कि प्रधानमंत्री की कौन-सी खूबी उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित करती है, तो उन्होंने ‘सेवाभाव’ को सबसे ऊपर रखा। मनोज ने कहा कि प्रधानमंत्री के जीवन से जुड़े कई प्रसंग उन्हें प्रेरित करते हैं, लेकिन अगर किसी एक गुण को चुनना हो तो वह सेवा की भावना होगी। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री के पूरे जीवन को एक शब्द में समेटना हो तो वह शब्द ‘सेवा’ होगा।